जबलपुर। रविवार को आईपीएल सीजन-15 का फाइनल मैच होने के पहले पुलिस ने सटोरियों का करोड़ों रुपए का खेल बिगाड़ दिया। इंटरनेशनल सटोरिया सतीश सनपाल के अड़डों सहित उससे जुड़े बुकियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर 3 रेड से खलबली मचा दी। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि सतीश सनपाल, दिलीप खत्री के बाद आकाश गोगा के ठिकानों में हुई कार्रवाई से पुलिस ने 1 करोड़ 23 लाख रुपए जब्त कर सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
पॉश एरिया के मुस्कान हाईट्स के फ्लैट में सट्टे का अड्डा
एसपी के निर्देश पर शनिवार को ओमती पुलिस ने नेपियर टाउन मुस्कान हाईट्स के फ्लेट नंबर 604 व 605 में दबिश देते हुए सट्टे के लेन-देन के नगद 70 लाख 65 हजार रुपए, नोट गिनने की मशीन एवं मोबाइल जप्त करते हुए सटोरिया आकाश गोगा, भाई अजीत गोगा व इंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि ओपन वैब पर एक्सचेंज के माध्यम से सट्टा खिलाने वाले 2 सटोरियों के घर नेपियर टाउन स्थित मुस्कान हाईट्स में दबिश दी गई थी। आईपीएल फाइनल मैच को लेकर सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं, कि वह अपने क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सटोरियों नजर रखें। सटीक सूचना होने पर तत्काल मौके पर दबिश देते हुए कार्रवाई करें। जुआरियों-सटोरियों पर कार्रवाई करने के लिए क्राइम ब्रांच को सक्रिय किया गया है।
मोबाइल शॉप व कार बाजार का धंधा, दिलीप खत्री शहर का बड़ा सटोरिया
सटोरिया आकाश गोगा, अजीत गोगा की जयंती काम्पलेक्स में मोबाइल शॉप है और इंद्रजीत सिंह कार बाजार का कारोबार करता है। तीनों आईपीएल का सट्टा आईडी उपलब्ध करवाकर सट्टा खिलाने का काम करते हैं। दिलीप खत्री मौजूदा समय में जबलपुर का सबसे बड़ा क्रिकेट सटोरिया है। पुलिस की गिरफ्त में आया पिता मुरली खत्री भी अपने जमाने का सबसे बड़ा क्रि केट सटोरिया रहा। दिलीप खत्री और उसके गुर्गे जबलपुर के आसपास के करीब 10 जिलों में नेटवर्क खड़ा कर उनको लिंक भेजते हैं।