Type Here to Get Search Results !

स्कूल का छज्जा गिरने से बच्चा घायल, केंट में मकान की दीवार गिरने से मजदूर की मौत

बेलखेड़ा और राजीव गांधी नगर में हादसा, ग्रामीणों में आक्रोश

 जबलपुर। बेलखेड़ा में सरकारी स्कूल के बाजु से बन रहे नए भवन का छज्जा गिरने से 14 वर्षीय बच्चा घायल हो गया। बताया जाता है कि करीब 7 माह पहले भी इसी स्कूल में छज्ज गिरने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। इधर, केंट थाना क्षेत्र के राजीव गांधी नगर में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से मजदूर की मौत हो गई। केंट पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। 

ठेकेदार पर गुणवत्ताहीन निर्माण का आरोप, प्रशासन ने गिराया जजर्र भवन

खबर के मुताबिक बेलखेड़ा अस्पताल की बाउंड्रीवॉल से सटकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्याशाला का नया भवन बन रहा है। उसके तीन छज्जे अस्पताल की बाउंड्रीवॉल के अंदर की ओर निकले हैं। 14 वर्षीय अर्जुन 15 फीट चौड़े रास्ते से निकल रहा था, इसी दौरान भरभरा कर छज्जा उसके सिर पर गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। गनीमत ये रही कि हादसा अस्पताल परिसर में हुआ था जिससे उसे तुरंत इलाज मिल गया। अर्जुन के पिता गोपाल ने इस मामले में बेलखेड़ा थाने पहुंच कर स्कूल बना रहे ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दी है। आरोप लगाया है कि स्कूल निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखने से इस तरह का हादसा हुआ। पूर्व में भी हादसा हो चुका है, लेकिन ठेकेदार गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों के विरोध के बाद प्रशासन ने जजर्र भवन गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। 

सात महीने पहले हो चुकी है छात्र की मौत

 7 महीने पहले इसी स्कूल का छज्जा गिरने से 7 वीं में पढ़ाने वाले 13 वर्षीय कार्तिक लोधी की मौत हो गई थी। कार्तिक गुंदरई निवासी बृजेश लोधी की इकलौती संतान थी। इस हादसे के बाद भी भवन निर्माण करने वाले जिम्मेदारों ने कुछ नहीं सीखा। एक बार फिर हादसा हो गया।

 दीवार गिरने से हुई मजदूर की मौत, एक गंभीर

 कैंट थाना क्षेत्र के राजीव गांधी नगर इलाके में शुक्र वार को एक निर्माणाधीन मकान की दीवार ढह गई। मलबे में दबने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई, वहीं एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। केंट पुलिस ने बताया राजीव गांधी नगर में एक मकान का निर्माण कराया जा रहा था। वहां चंदन सिंह एवं विजय बहादुर समेत अन्य मजदूर काम कर रहे थे। शाम के वक्त मकान की 4 इंच की दीवार अचानक भरभरा कर चंदन सिंह और विजय बहादुर पर गिर गई। दोनों को तत्काल निजी अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां चंदन को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस चंदन के शव का पोस्टमार्टम करा मामले की जांच कर रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.