Type Here to Get Search Results !

भटौली पुल पर कार खड़ी कर भाई से बोला युवक- मैं नर्मदा नदी में सुसाइड कर रहा हूं

गौर चौकी पुलिस ने की तलाश, नदी में गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान 

जबलपुर। ‘मैं नर्मदा नदी में सुसाइड कर रहा हूं, कार सड़क पर खड़ी है।’ मोबाइल फोन पर कॉल करते हुए यह बात प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले इंजीनियर ने सिवनी निवासी अपने भाई से कही। यह सुनते ही अवाक रह गए भाई ने पुन: पलटकर कॉल किया, लेकिन मोबाइल कवरेज क्षेत्र के बाहर हो गया। छोटे भाई ने सीएम हेल्प लाइन सहित अपने संबंधित थाना घंसौर में सूचना दी। इसी बीच गौर पुलिस चौकी को सूचना मिली कि एक अज्ञात कार भटौली पुल के पास खड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थानीय एक युवक ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे एक युवक घाट पर आया और नदी में उतर गया। देखते ही देखते वह पानी में गायब हो गया। पुलिस सहित स्थानीय गोताखोर और होमगार्ड की टीम ने भटौली घाट से लेकर ग्वारीघाट तक रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी। युवक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसकी पड़ताल पुलिस ने शुरू कर दी है। 

 नाविक ने देखा नदी में तैरते-उतराते

 गौर चौकी प्रभारी टेकचंद शर्मा ने बताया कि बीई के बाद जबलपुर में रहकर आप्टिकल फाइबर केबिल बिछाने वाली निजी कंपनी में जॉब कर रहा 32 वर्षीय सौरभ अग्रवाल शादीशुदा है। सौरभ सुबह कार क्रमांक डीएल 3 सीसीके7770 से सुबह घर से निकल था। सौरभ अग्रवाल की उक्त कार बायपास पुल पर खड़ी मिली। कार में उसकी चप्पल और जहर की खाली शीशी मिली है। पुल के नीचे मिले एक नाविक ने बताया कि सुबह 6 बजे के लगभग एक युवक तैरते हुए जिलहरी घाट की ओर चला जा रहा था। आशंका जताई जा रही है, कि वह सौरभ ही रहा होगा। पुलिस होमगार्ड टीम के साथ नदी में और अन्य लोग दोनों तटों से आगे बढ़कर उसकी तलाश में जुटे हैं।

 पारिवारिक कलह की बात सामने आई

 पुलिस के मुताबिक सौरभ अग्रवाल मूलत: चंडी खमरिया जिला सिवनी का रहने वाला है। पिता राम मनोहर ने बताया कि सौरभ ने रिश्ते के भाई राहुल अग्रवाल को आत्मघाती कदम उठाने से पहले कॉल कर बताया कि वह सुसाइड करने जा रहा है। कार नर्मदा पुल पर है। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना घंसौर थाने में दी। घंसौर थाने से गौर चौकी को खबर मिली, तब पुलिस पहुंची। मंगेली से ग्वारीघाट तक रेस्क्यू जारी है। पुलिस को पारिवारिक कलह होने की बात पता चली है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.