नगरीय निकाय चुनाव के जिला प्रभारी नियुक्त, जबलपुर के लिए शेष राव यादव
भोपाल। नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने पार्टी टिकट के लिए फार्मूला तय कर लिया है। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव संचालन समितियों की बैठकों के जरिये भाजपा इसके लिए गाइडलाइन तय करने जा रही है। इसको लेकर सोमवार को पार्टी की तीन अलग-अलग बैठकें हुईं। साथ ही ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत से अधिक टिकट वितरण के लिए जिलों को ओबीसी वोटर बहुल निकायों की सूची भी भेजी जा रही है और उनसे ओबीसी के जिताऊ कैंडिडेट्स के पैनल मांगे जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी ने निकाय चुनाव में 30 प्रतिशत ओबीसी कैंडीडेट को टिकट देने का फैसला किया गया है। हालांकि टिकट अभी फाइनल नहीं किए गए हैं, इसके लिए पार्टी दोबारा सव्रे कराएगी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा ओबीसी आरक्षण के बिना चुनाव कराए जाने के आदेश के बाद कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने 27 प्रतिशत ओबीसी कैंडीडेट को टिकट देने का ऐलान किया था, अब बीजेपी की ओर से इसे 30 प्रतिशत किया गया है। सोमवार को पार्टी की बैठकों में यह भी तय हुआ कि हर तीन जिलों में एक प्रभारी भेजे जाएंगे जो स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करके चुनावी रणनीति और प्रत्याशियों के संबंध में चर्चा करेंगे। चुनाव की घोषणा के बाद यह रिपोर्ट देकर संभावित प्रत्याशियों की जानकारी संगठन को देंगे। भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए जिलों के प्रभारी नियुक्त किए हैं। जबलपुर के लिए छिंदवाड़ा के नेता शेषराव यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
