श्रीनाथ की तलैया में अंधे कत्ल का एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने किया खुलासा
जबलपुर। श्रीनाथ की तलैया में गोल्ड एक्सचेंज व शेयर का काम करने वाले जयदीप राठौर की हत्या का राज पुलिस ने खोल दिया। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए बताया कि मोहल्ले में रहने वाले सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने योजना बनाकर अपने दोस्त के साथ वारदात को अंजाम दिया था। मौके से मिले साक्ष्य और पड़ताल के दौरान मिले अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ श्रीवास्तव पिता प्रकाश श्रीवास्तव और गौरव पटेल पिता राजू पटेल निवासी यादव कालोनी को गिरफ्तार कर लिया।
कटनी जेल से बाहर आकर बनाई थी योजना
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि जयदीप सिंह राठौर ने थाना माधव नगर कटनी में अपने साथी सिद्धार्थ श्रीवास्तव एवं अज्जू उर्फ अजय विश्वकर्मा के साथ मिलकर हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया था। उक्त प्रकरण में न्यायालय कटनी से जयदीप सिंह राठौर, सिद्धार्थ श्रीवास्तव एवं अज्जू उर्फ अजय विश्वकर्मा को 10 वर्ष का कारावास एवं 5 हजार रुपए का अर्थदण्ड व आर्म्स एक्ट के आरोप में 1 वर्ष के कारावास से दंडित किया गया था। कटनी के उपरोक्त प्रकरण में जयदीप सिंह राठौर ने अपने साथी सिद्धार्थ श्रीवास्तव एवं अजय विश्वकर्मा को यह कहा था कि वह दोनों की जमानत में सहयोग करेगा तथा 25 हजार रुपए भी देगा, लेकिन जयदीप राठौर उपरोक्त प्रकरण में गिरफ्तार होने के एक साल के बाद ही जमानत पर बाहर आ गया था तथा अज्जू विश्वकर्मा भी लगभग डेढ़ साल में जमानत पर बाहर आ गया था, किन्तु सिद्धार्थ श्रीवास्तव अक्टूबर 2021 तक कटनी जेल में निरुद्ध रहा। सिद्धार्थ अपने साथ जयदीप सिंह राठौर द्वारा की गई वादाखिलाफी से नाराज था। इसी बात को लेकर वह अपने साथी गौरव पटेल के साथ जयदीप के घर पहुंचा और डंडे व चाकू से हमला कर जयदीप की हत्या कर दी। अंधी हत्या का खुलासा एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में टीआई लार्डगंज प्रफुल्ल श्रीवास्तव, यादव कालोनी चौकी प्रभारी दिनेश गौतम, एसआई संध्या चंदेल, अमित पटेल, विमल त्रिपाठी, क्र ाइम ब्रांच के धनंजय सिंह, मृदुलेश त्रिपाठी, मोहित उपाध्याय, नवनीत, वीरेन्द्र सिंह सहित अन्य की सराहनीय भूमिका रही है।