Type Here to Get Search Results !

कुख्यात गुंडा मुन्ना यादव के अवैध कब्जे से मुक्त कराई 1.10 करोड़ की सरकारी जमीन

पनागर-छत्तरपुर में चलती है दबंगई, पुलिस फोर्स के साथ पहुंचा बुल्डोजर 

जबलपुर। पनागर क्षेत्र का कुख्यात गुंडा एवं भू-माफिया मुन्नालाल उर्फ मुन्ना यादव द्वारा शासकीय जमीन पर किए गए अवैध कब्जे बुल्डोजर से रौंदकर 1 करोड़ 10 लाख रुपए कीमती जमीन को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के पहले से ही क्षेत्र में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया था। पनागर के बिछुआ टोला के छत्तरपुर में हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। बदमाश मुन्ना यादव ने गुंडागर्दी करते हुए करोड़ रुपए की शासकीय जमीन पर कब्जा कर रखा था, लेकिन उसके डर से कोई भी स्थानीय नागरिक उसका विरोध नहीं करता था। मुन्ना यादव पर थाना पनागर में बलवा के करीब 4 प्रकरण, शासकीय कार्य में बाधा सहित मारपीट-धमकी के मामले पूर्व में पंजीबद्ध हैं।

 किराए से चला रहा था शराब दुकान

 टीआई पनागर आरके सोनी ने बताया कि बदमाश मुन्ना यादव ने ग्राम छत्तरपुर में शासकीय 450 वर्ग फुट भूमि जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए है उस पर 5 लाख रुपए की लागत से निर्माण कर शराब दुकान किराए से संचालित करवा रहा था, अवैध निर्मित दुकान को पुलिस-प्रशासन ने जमींदोज करते हुए कब्जा मुक्त कराया है। इसके साथ ही 10 एकड़ शासकीय जमीन जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए है पर ईट भट्टे का संचालन एवं खेती करवा रहा था उसे भी कब्जा मुक्त कराया गया है। कलेक्टर इलैयाराजा टी और एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा राशन की काला बाजारी, मिलावटखोरों, भू-माफिया/चिटफंड कंपनी के कारोबारियों एवं सूदखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश प्रशासन व पुलिस विभाग को दिए गए थे। पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम के द्वारा माफिया की लिस्ट तैयार कर कार्रवाई की जा रही है। छत्तरपुर में कार्रवाई दौरान विवाद होने की आशंका को ध्यान मे रखते हुए डीएसपी क्राइम प्रभात शुक्ला, आईपीएस शशांक, नायब तहसीलदार सारिका रावत, टीआई पनागर आरके सोनी, थाना रांझी, अधारताल, खमरिया का बल एवं पुलिस लाइन से निरीक्षक लोकमन अहिरवार 25 के बल के साथ तथा आरआई राजेश सहाय, पटवारी रश्मि शुक्ला एवं नगर पालिका पनागर का अतिक्र मण अमला मौजूद रहा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.