Type Here to Get Search Results !

कटंगी में मरीज को लाने एम्बुलेंस के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से नहीं किया गया सम्पर्क



कटंगी में मरीज को लाने एम्बुलेंस के लिए

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से नहीं किया गया सम्पर्क


     मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज पांडेय ने बताया कि कटंगी में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल लाने एम्बुलेंस नहीं मिलने एवं उसे हाथठेले में अस्पताल लाने के मामले की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि घायल व्यक्ति को अस्पताल लाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी से कोई सम्पर्क नहीं किया गया था और कटंगी के खंड चिकित्सा अधिकारी को भी इस संबंध में सूचित नहीं किया गया था।

     इस प्रकरण की जांच में पाया गया है कि 23 अप्रैल 2022 की शाम लगभग 05 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी में हाथठेले पर ढकेलते हुए एक मरीज मुकेश यादव निवासी तिरोड़ी को बेहोशी की अवस्था में लाया गया था और उनके साथ 10 से 15 लोग मौजूद थे, जो मोबाईल पर वीडियो बना रहे थे। घायल मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर कर दिया गया है।

     सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी में जननी एक्सप्रेस-108 एम्बुलेंस 02 नग एवं विधायक निधि से प्राप्त 01 एम्बुलेंस उपलब्ध है। दुर्घटना के बाद उपस्थित लोगों ने 108 पर काल किये, लेकिन 108 काल सेंटर में फोन नहीं लगने पर श्री सुल्तान के द्वारा हाथठेले पर घायल को लाया गया था। मौके पर उपस्थित लोगों द्वारा एम्बुलेंस के लिए अस्पताल में सूचना नहीं दी गई।  खंड चिकित्सा अधिकारी से या सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से एम्बुलेंस के लिए सम्पर्क किया जाता तो मरीज को अस्पताल लाने के लिए एम्बुलेंस अवश्य उपलब्ध होती। उक्त घायल व्यक्ति के शराब का सेवन करने के बाद नशे की हालत में सड़क किनारे पड़े होने की बात भी सामने आयी है। अत: यह कहना कि सामुदयिक स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी द्वारा मरीज को अस्पताल लाने के लिए एम्बुलेंस नहीं उपलब्ध कराई गई गलत है।




*सम्पूर्ण समाचारो के लिए न्याय क्षेत्र भोपाल होगा समाचार का माध्यम मध्य प्रदेश जनसम्पर्क है
Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.