Type Here to Get Search Results !

वोटिंग के लिए हाईकोर्ट बार में गहमा-गहमी, मतगणना कल

वकील मतदाताओं को आईडी कार्ड दिखा कर ही मिल रहा प्रवेश 

 जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की नवीन कार्यकारिणी के लिए भारी कशमकश के बीच मतदान हो रहा है। हाईकोर्ट परिसर में चल रही मतदान प्रक्रिया में सुबह से ही वकीलों में खासा उत्साह रहा। भारी संख्या में मतदान कर रहे वकीलों की उपस्थिति से परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। दोपहर 1 बजे तक 50 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर मिली। सभी प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में मतदान करने वोटर वकीलों से अपील करते रहे। गर्मी-धूप के बावजूद चुनाव की चहल-पहल नजर आ रही है। उधर, सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान के लिए जा रहे वकीलों का आईकार्ड चेक करने के बाद ही मतदान कक्ष तक जाने दिया जा रहा है। इस बार हाईकोर्ट बार चुनाव में ढाई हजार से अधिक मतदाता हैं, जिसमें बड़ी संख्या में महिला मतदाता भी हैं। चुनाव के तत्काल बाद मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में रखवा दिया जाएगा। मंगलवार सुबह से मतों की गणना की जाएगी। 

बार एवं एसबीसी दोनों परिचय-पत्र मान्य

 मतदान के लिए मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद और हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ का परिचय-पत्र मान्य किया जा रहा है। मतदान के दौरान हल्का विवाद भी सामने आया जिसे चुनाव समिति ने समझाइश देकर तुरंत शांत भी करा दिया। बता दें कि फर्जी मतदान का मामला सामने आने पर तत्काल ही एफआईआर की व्यवस्था है। प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची रखी गई है और अधिवक्ता परिषद के कर्मचारी भी कम्प्यूटर पर वैरिफिकेशन के लिए लगे हुए हैं। सिर्फ मतदाताओं को ही सिल्वर जुबली हॉल तक जाने दिया जा रहा है। वकीलों के बैठने के लिए सिल्वर जुबली सभागार के सामने टेंट, कूलर,पंखा और पानी की व्यवस्था कर दी गई थी। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के लिए हो रहे चुनाव में कुल 54 प्रत्याशी शामिल हुए हैं। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 4, उपाध्यक्ष के लिए 9,सचिव के 8,कोषाध्यक्ष के 6, सह सचिव के 5,पुस्तकालय इंचार्ज के 6 और कार्यकारिणी सदस्य के लिए 17 प्रत्याशी मैदान में हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.