छिंदवाड़ा में पूजा-अर्चना कर गदा यात्र में शामिल हुए कमलनाथ
छिंदवाड़ा। महाबली हनुमान जी के प्राक्ट्योत्सव पर भाजपा ने जहां पूरे प्रदेश में अनुषांगिक संगठनों के जरिए रैली-शोभायात्र से माहौल बनाया वहीं राम भक्त हनुमान जी की आराधना में डूब कर कांग्रेस भी विधानसभा चुनाव का मिशन- 2023 में सफलता का प्रयास कर रही है। हनुमान भक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ शनिवार को छिंदवाड़ा में रहे और कार्यकर्ताओं सहित नेताओं ने कई जिलों में हनुमान जन्मोत्सव पर कई कार्यक्रम किए। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हर साल की तरह इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव पर अपने छिंदवाड़ा के हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की और भोलेनाथ का अभिषेक किया। छिंदवाड़ा में वृहद स्तर पर गदा यात्र निकाली गई जिसमें कमलनाथ शामिल हुए। वहीं भोपाल में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राजीव सिंह ने सुंदरकांड का आयोजन किया इसमें कांग्रेसी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस ने इस बार रामनवमीं और हनुमान जन्मोत्सव पर सभी कांग्रेसियों को आयोजन करने के निर्देश दिए थे। पीसीसी के निर्देश पर शनिवार को हनुमान जंयती पर कांग्रेस नेताओं ने प्रदेशभर में आयोजन किए । हनुमान भक्त माने जाने वाले कमलनाथ ने प्रदेश की सबसे ऊंची 101 फीट की हनुमान प्रतिमा की विधि विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर में ही हनुमान चालीसा का पाठ किया। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस के कई नेता और पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में हनुमान चालीसा और सुंदरकाण्ड जैसे आयोजन कराए।
