जीआरपी ने जहरखुरानी की वारदात में पकड़ा, कई केस खुलेंगे
जबलपुर। रेप के मामले में सेवा से बर्खास्त रेलवे का कर्मचारी ट्रेनों में अकेले सफर कर रही महिलाओं को टारगेट कर लूट लेता था। महिला यात्रियों से पहले मीठी-मीठी बातें कर उनसे दोस्ती करना फिर उन्हें फ्रूटी अथवा चाय में बेहोशी की दवा मिलाकर सामान पार कर देने वाले बर्खास्त असि. लोको पायलट अवनीश गुप्ता को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जहर-खुरानी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार करते हुए अन्य रेल अपराधों को कबूल किया है। मदन महल जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज ने एक ऐसे ही एक मामले का खुलासा करते हुए बताया, कि आरोपी द्वारा 31 मार्च को सोमनाथ एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही एक महिला यात्री से अवनीश कुमार गुप्ता ने दोस्ती की और उसे बेहोशी की दवा मिली हुई फ्रूटी पिला दी, महिला जब गहरी नींद में सो गई तो उसका मोबाइल सहित अन्य सामान लेकर चंपत हो गया। अवनीश गुप्ता जिला मुरादाबाद का रहने वाला है। पीड़ित महिला यात्री की शिकायत पर जीआरपी ने 6 दिन तक अलग-अलग स्टेशनों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जहां आरोपी की अन्य सबूतों के आधार पर पहचान करते हुए टीम के सदस्य मुरादाबाद पहुंच गए। निशानदेही में फरियादी का पूरा सामान जिसमें एक वीवो कंपनी का मोबाइल,चाजर्र,ब्लूटूथ एवं एटीएम कार्ड, पेन कार्ड व सोने का मंगलसूत्र था आरोपी सहित पूरा सामान बरामद करते हुए आरोपी को जबलपुर लाया गया। जीआरपी थाना प्रभारी सुनील नेमा ने बताया कि आरोपी बहुत ही शातिर है। वर्ष 1992 में बिलासपुर में परिचालक के पद पर भर्ती हुआ था, जो कि वर्ष 2015 में रेप के आरोप में जेल जाने के बाद से रेलवे की नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। जीआरपी की पूछताछ में आरोपी ने जेल से छूटने के बाद लगातार इस तरह की वारदात करना स्वीकार किया है।
