नीमखेड़ा में सुबह हादसा, पुलिस कर रही पड़ताल
जबलपुर। नीमखेड़ा रोड स्थित महात्मा गांधी होम्योपैथी कॉलेज के हॉस्टल में रहकर बीएससी नर्सिग का कोर्स कर रहे छात्र की संदिग्ध परीस्थितियों में हॉस्टल की छत से गिरकर मौत हो गई। 22वर्षीय ऋषि श्रीवास्तव गुरुवार की सुबह साढ़े चार बजे तीन मंजिला हॉस्टल की छत से नीचे गिरा था। हॉस्टल के चौकीदार ने छात्र की लाश देखी, जिसकी सूचना उसने प्रबंधन को दी। कॉलेज प्रबंधन ने छत से छात्र के गिरने की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। गौर चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया, कि गौर सालीवाड़ा निवासी रवि श्रीवास्तव का बेटा ऋषि श्रीवास्तव महात्मा गांधी कॉलेज की हॉस्टल में रहकर नर्सिग की पढ़ाई कर रहा था। सुबह करीब 4:30 बजे ऋषि श्रीवास्तव हॉस्टल के छत से जमीन पर गिर गया। प्राथमिक पूछताछ में वार्डन ने परिजनों से कहा, कि छात्र ऋषि छत में गया होगा और संभवत: खेलते-खलते छत से नीचे गिर गया होगा। इधर, परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन एवं वार्डन की बात खारिज करते हुए आरोप लगाया कि ऋषि को परेशान किया जा रहा था। यहां किसी भी छात्र का कोई ध्यान नहीं रखा जाता, कई दिनों से ऋषि प्रताड़ित था और वह परिजनों से हॉस्टल छोड़ने की बात भी करता था। ऋषि श्रीवास्तव की बहन तान्या का कहना था, कि उसका भाई कुछ दिनों से किसी बात को लेकर टेंशन में था। भाई ने कहा कि घर में शिफ्ट होकर पढ़ाई करूंगा, हॉस्टल में रहना ठीक नहीं है। परिजनों ने पुलिस से कहा, कि उन्हें संदेह है, कि किसी ने सुनियोजित तरीके से ऋषि को छत से धक्का दे दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। इधर यह भी चर्चा है, कि छात्र ऋषि मोबाइल पर बात करते-करते छत से गिर गया। ऋषि के साथ रहने वाले रूम मेट छात्रों ने पुलिस को बताया, कि रात में सभी लोग पढाई कर रहे थे, तभी ऋषि बिना कुछ कहे छत में चला गया था। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही है।