Type Here to Get Search Results !

बेटी से बात करने रोका तो बदमाशों ने कर दी कांग्रेस नेता की हत्या, मांडवा बस्ती में सनसनी

पेट्रोल चोरी की मुखबिरी पर भी थी खुन्नस, दो गिरफ्तार 

जबलपुर। अपराध के लिए चर्चित गोरखपुर थाना क्षेत्र की माण्डवा बस्ती में देर रात 3 बदमाशों किराना व्यापारी एवं कांग्रेस नेता बसंत पटैल की चाकू मारकर हत्या कर दी। बुधवार की रात करीब 11:30 बजे हुई हत्या के बाद माण्डवा बस्ती सहित पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची गोरखपुर पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजते हुए वारदात में शामिल हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक मृतक की बेटी से बात करता था। बसंत ने बेटी से बात करने पर आपत्ति जताई थी, इसी बात को लेकर हुए विवाद पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। उधर यह भी चर्चा है कि माण्डवा बस्ती में बीते कुछ दिनों से दोपहिया वाहनों से पेट्रोल चोरी हो रहा था। बस्ती वालों ने बसंत के साथ मिलकर पेट्रोल चोरी होने की शिकायत गोरखपुर पुलिस से की थी। पुलिस बुधवार को पेट्रोल चोरी होने संबंधी जांच के लिए बृजमोहन नगर/माण्डवा बस्ती के साथ बसंत की किराना दुकान भी पहुंची थी।

 रक्तरंजित हालत में अस्पताल ले गए,रास्ते में मौत

गोरखपुर पुलिस ने बताया कि बृजमोहन नगर रामपुर निवासी केदारनाथ पटेल का 39 वर्षीय बेटा बसंत पटेल किराना दुकान चलाता है और कांग्रेस का मंडल अध्यक्ष भी था। बसंत के पड़ोस में ही नमन उर्फ अभिषेक पटेल का घर है। नमन अक्सर बसंत की बेटी से बात करता था, इस बात को लेकर बसंत पटेल ने कई बार नाराजगी जाहिर करते हुए आपत्ति जताई थी। बसंत ने नमन को बेटी से बात करने के लिए मना किया था, इसके बाद भी वह बात करने की कोशिश करता रहता था। संभवत: इसी बात को लेकर कल रात करीब 11:30 बजे नमन उर्फ अभिषेक पटेल तथा बसंत पटेल के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान नमन का दोस्त आदि उर्फ आदित्य साहू एवं रामदास पटेल भी आ गए और बसंत के साथ तीनों मारपीट करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने चाकू निकाला और बसंत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से बसंत को पेट, कमर एवं शरीर पर गंभीर चोट लग गई और वह खून से लथपथ होकर गिर गया। वारदात के बाद परिजन बसंत को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 जन्मदिन की पार्टी में गया था बसंत, हमलावर भी पहुंच गए

बसंत पटेल अपने दोस्त दीपक कोल के साथ मोहल्ले में आयोजित बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने गया था। दीपक पार्टी में खाना खाने लगा, इसी बीच बसंत ने दुर्गा मंदिर के पास नमन को समझाने के लिए बुलाया था। दीपक के मुताबिक अचानक उसे बसंत की चीख सुनाई पड़ी। वह दौड़कर पहुंचा तो देखा कि नमन, उसका पिता राजाराम पटेल और उसका दोस्त आदि उर्फ आदित्य उस पर चाकू से हमला कर रहे थे। दीपक कोल ने दौड़कर बसंत के पिता और घरवालों को बुलाया। आरोपियों ने बसंत के पेट व कमर के पास चाकू से कई वार किए थे। वारदात की सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस, लार्डगंज टीआई प्रफुल्ल श्रीवास्तव सहित अन्य थाने का बल मौके पर पहुंच गया। गोरखपुर पुलिस ने हत्याकांड के आरोपी राजाराम पटेल और उसके बेटे नमन उर्फअभिषेक पटेल को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीसरे आरोपी आदि उर्फ आदित्य साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 2 टीम लगातार छापेमारी कर रहीं हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.