Type Here to Get Search Results !

कुंडम स्कूल से मासूम बच्चे का अपहरण, नाकाबंदी कर पुलिस ने किया दस्तयाब

बाइक सहित आरोपी गिरफ्तार, एसपी ने दी शाबाशी 

जबलपुर। कुंडम स्थित स्कूल से मासूम बच्चे का रहस्यमय तरीके से अपहरण होने की सूचना मिलते ही एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर थाना सीमा सील कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई। कुंडम टीआई प्रताप सिंह मरकाम सहित एक दर्जन से अधिक पुलिस कर्मियों ने नाकाबंदी कर चप्पे-चप्पे में बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी। 3 घंटे की सर्चिग के बाद पुलिस ने बच्चे को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अपहरण की सूचना के बाद तत्काल एक्शन में आई पुलिस को चंद घंटों में सफलता मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस की प्रशंसा की। 

साथी बच्चों ने दिया बाइक वाले का सुराग

कुंडम टीआई प्रताप सिंह मरकाम ने बताया, कि थाना क्षेत्र के रहने वाली महिला के पति की 4 साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। महिला अपने 8 साल के बेटे कान्हा (परिवर्तित नाम) और 6 साल की बेटी के साथ रहकर कृषि कार्य करती है। गुरुवार सुबह करीब 9:30 कान्हा घर के नजदीकी स्कूल में परीक्षा देने गया था। शाम 6 बजे तक घर वापस न आने पर मां ने बच्चे के साथ पढ़ने वाले दोस्तों से पूछा तो उन्होंने बताया, कि दोपहर करीब 1:30 बजे लंच के दौरान हम लोग खेल रहे थे, तभी एक अंकल मोटरसाइकिल में आए और कान्हा को अपने साथ ले गए हैं। कान्हा अपने साथ स्केल, पेंसिल, दपती और रबड़ भी लेकर गया है। स्कूल परिसर से बच्चे का अपहरण होने की जानकारी स्कूल प्रबंधन को नहीं थी। बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण होने की सूचना मां ने कुंडम पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने समूचे थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने 363 का अपराध दर्ज करते हुए कान्हा के साथियों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर अपहरणकर्ता की तलाश शुरू कर दी।

 डिंडोरी में मिला बच्चा,अपहरण करने वाला गिरफ्तार

 एसपी के निर्देश पर बच्चे की खोजबीन में जुटी पुलिस ने डिंडोरी जिले के ग्राम साल्हेघुरी थाना शहपुरा से बच्चे को सकुशल दस्तयाब करते हुए आरोपी संजय परस्ते को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है, कि आरोपी संजय दूर का रिश्तेदार है। संजय परस्ते बच्चे की मां को ब्लैकमेल करने के इरादे से उसे स्कूल से उठा ले गया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.