Type Here to Get Search Results !

गृहमंत्री अमित शाह बोले-आदिवासियों को जंगल का मालिक बनाया भाजपा ने

सीएम शिवराज का ऐलान: 100 गड्डी तेंदुपत्ता के मिलेंगे 300 रुपए 

भोपाल। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भोपाल के जम्बूरी मैदान में वन समितियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने आदिवासियों को जंगल का मालिक बनाया। उन्होंने 827 वन ग्रामों को राजस्व ग्राम के अधिकार देने की शुरूआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए 250 रुपए प्रति 100 गड्डी के बजाय 300 रुपए प्रति 100 गड्डी दिए जाने की घोषणा भी की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम में वन समितियों के लाभांश में वृद्धि के साथ तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभांश का वितरण किया। साथ ही वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में तब्दील करने की शुरूआत की। इससे वन ग्रामों को सरकार की योजनाओं और विकास का लाभ मिल सकेगा। 827 वन ग्राम आज राजस्व ग्राम से अधिकार संपन्न हो गए हैं। वन में रहने वाले लोगों के लिए परिवर्तनकारी काम हुआ है। अमित शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश ने 10 वर्ष में जीडीपी में 200 प्रतिशत की वृद्धि की है। मोदी सरकार आदिवासी समुदाय के ऊपर 78 हजार करोड़ रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि जो 17 निर्णय मप्र सरकार ने आदिवासियों के लिए लिए थे उन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा।

 प्रदेश में पेसा एक्ट बदलने की प्रक्रिया शुरू

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 26 जिलों में स्थित 827 से ज्यादा वन ग्रामों के राजस्व ग्राम बनने से जमीनों के खाते बन सकेंगे, व्यवस्थित अभिलेख होगा। इसके साथ ही वन ग्रामों को अन्य ग्रामों की तरह नहीं मिलने वाले लाभ भी अब मिलने लगेंगे। शिवराज ने कहा कि हमने तय किया था पेसा एक्ट मध्य प्रदेश में लागू किया जाएगा। आज मुङो बताते हुए खुशी है कि आदिवासी भाई-बहनों की जिंदगी बदलने के लिए पेसा एक्ट लागू करने की प्रक्रिया मध्य प्रदेश में प्रारंभ हो गई है। इससे पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे अमित शाह की शाही अगवानी की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटैल, फग्गन सिंह कुलस्ते रोड शो से लेकर उनकी रवानगी तक साथ रहे। भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में अमित शाह ने मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकरियों से मिशन 2023 के संबंध में चर्चा की।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.