भाजपा सरकार हर मोर्च पर फेल, जनता निजात चाहती है ऐसी सरकार से : कमलनाथ
April 22, 2022
0
पूर्व सीएम के रतलाम पहुंचने के पहले पूर्व पार्षद ने छोड़ी कांग्रेस
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ शुक्रवार को रतलाम में प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर गरजे। उन्होंने यहां पर आयोजित सभा में कहा कि शिवराज सरकार हर मोर्चे पर फेल है और इस सरकार में हर वर्ग परेशान है और जनता इससे निजात चाहती है। कमलनाथ ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब लोगों को सच्चई को पहचान कर भाजपा सरकार को उखाड़ फेकने के लिए अभी से जुट जाना चाहिए।
उन्होंने रतलाम पहुंच कर सबसे पहले मां कालका के मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया भी थे। इसके बाद उन्होंने मंडलम, सेक्टर और बूथ इकाईयों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि अब चुनाव में 16-17 महीने ही बचे हैं। पूरी ताकत के साथ जुट जाएं, जिले की हर सीट कांग्रेस को जीतना होगी। एक-एक सीट पर जी-तोड़ मेहनत करना होगी, तभी सफलता मिलेगी। महंगाई से हर वर्ग परेशान है, यहां का किसान परेशान है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। ये सिर्फ झूठी घोषणाएं कर सरकार चला रहे हैं। यह सच्चाई जनता को बताना होगी। एक-एक घर जाएं उन्हें बताएं कि भाजपा सरकार सिर्फ जनता को ठगने का काम कर रही है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता की सीख से पहले झटका ......
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने स्थानीय इकाई को निर्देश दिए थे कि उनके दौरे में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक भी रखी जाए। कार्यकर्ताओं को एकजुटता की सीख देने से पहले पाटी को झटका लगा जब कमलनाथ के रतलाम पहुंचने से पहले यहां की एक पूर्व पार्षद ने कांग्रेस छोड़ दी। पूर्व पार्षद बबीता नागर ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।