Type Here to Get Search Results !

फिंगर प्रिंट से चोर पकड़ने का बना इतिहास, अभी तक होती रही सिर्फ खाना-पूर्ति

सूने घरों की रैकी कर वारदात को अंजाम देने वाली गैंग पुलिस ने पकड़ी 

जबलपुर। छोटे-बड़े अपराध में पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी एवं बदमाशों के फिंगर प्रिंट कलेक्शन का डेटा संभवत: पहली बार पुलिस के काम आया है। संजीवनी नगर पुलिस को फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से एक चोरी की वारदात को सुलझाने में सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा, जो पैदल रैकी कर सूने घरों को चिन्हित करते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर 4 लाख रु पए के जेवर जब्त किए गए हैं। संजीवनी नगर टीआई शोभना मिश्र ने बताया कि धंनवतरी नगर निवासी नौमी पटेल ने 21 मार्च को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। नौमी पटेल का परिवार होली में 14 मार्च को टिपरा शहपुरा चला गया था। वहां से लौटा तो घर का ताला टूटा था। आलमारी टूटी थी और उसमें रखे चांदी की 4 जोड़ी पायल, 1 कड्डोरा व नगदी रुपए गायब थे।

 धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी झारिया को सौंपी थी जांच

मामले की जांच धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी एसआई सतीश झारिया को सौंपी गई थी। उन्होंने घटना स्थल की जांच फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ निरीक्षक अखिलेश चौकसे से कराई। घटना स्थल से मिले फिंगर प्रिंट को पूर्व में पकड़े जा चुके अपराधियों से मिलाया गया। ये फिंगर प्रिंट 2015 में चोरी के प्रकरण में पकड़े गए आरोपी जोगी मोहल्ला निवासी अरु ण बेन उर्फ गुल्ली के निकले। पुलिस ने गुल्ली को दबोचा तो उसने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया, कि महानद्दा मदनमहल निवासी राकेश साहू के साथ मिलकर चोरी की थी। दोनों ने धनवंतरी नगर में 4 चोरी की वारदातों का खुलासा किया। दोनों की निशानदेही पर सोने का 1 मंगलसूत्र, 1 अंगूठी, 1 जोड़ी बाली, 1 पंचाली, 2 लोंग, 1 चांदी का कड़ा , 1 फुल करधन, पायल 6 जोड़ी, सिक्के 15, चांदी की चूड़ी 11, हाफ करधन चांदी की 1, बिछिया 7 जोड़ी, एक केनन कंपनी का कैमरा कुल कीमती 4 लाख रुपए जब्त हुए।

 पैदल निकल कर रैकी करते, फिर बोलते थे धावा

पुलिस गिरफ्त में आए दोनों शातिर चोर शाम को पैदल निकल कर रैकी करते। जिस घर में ताला लगा मिलता था उसे निशाना बनाकर उस मकान के आस पास रहते थे। जैसे ही आसपास के लोग पूरी तरह से सो जाते थे, तब वे चोरी की वारदात को अंजाम देकर पैदल ही निकल जाया करते थे। खुलासे में एएसआई तेजराम, प्रधान आरक्षक जागेश्वर तिवारी, आरक्षक नितिन मिश्र, राहुल सिंह, राजकुमार बघेल, यशवंत कौरव, जितेंद्र यादव की मुख्य भूमिका रही।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.