क्राइम ब्रांच व रांझी पुलिस की फैक्टरी में दबिश
जबलपुर। रांझी थानांतर्गत रिछाई में अंजना गृह उद्योग नाम की मसाला फैक्टरी में धनिया डंठल, सोयाबीन और सरसों को पीसकर धनिया पाउडर बनाया जा रहा था। जहां क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस ने दबिश देकर फर्जी मसाले बनाने वालों का भांडाफोड़ कर दिया। फैक्टरी से मसालों का सेंपल लेकर जांच के लिए खाद्य विभाग भेजने के साथ संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। एएसपी गोपाल प्रसाद खांडेल ने बताया कि मुखबिर ने लार्डगंज थानाक्षेत्र के कछियाना में रहने वाले वैदिक राठौर की फैक्टरी के अंदर मिलावटी धनिया पाउडर बनाकर पैकेट में पैक कर मार्केट में सप्लाई करने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि मौके पर जब दबिश दी गई तो फैक्टरी के अंदर से बड़ी संख्या में बोरियों में धनिया के डंठल और धनिया व अन्य गरम मसाले पैकेट में पैक मिले।
कई जिलों में है सप्लाई, ग्रामीण क्षेत्रों में फैलाया कारोबार
संयुक्त टीम ने दबिश दी तो मौके पर कुछ महिलाएं लोहे की बड़ी कड़ाही में सरसों, सोयाबीन और धनिया के डंठल को भूंज रहीं थीं। उसे बाद में चक्की में पीसकर धनिया पाउडर और गरम मसाला मिलाया जा रहा था। फिर इस मिश्रण को एवन के रैपर में पैक कर बाजार में सप्लाई किया जाता था। बताया जाता है, कि जबलपुर के अलावा कटनी, मैहर, सतना, रीवा, शहडोल, सिंगरौली, नरसिंहपुर सहित अन्य जिलों में नकली धनिया पाउडर की सपलाई की जा रही थी। बताया जाता है कि दो नंबर की इस मसाला फैक्टरी का माल अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में खपाया जा रहा था। सस्ते की दम पर बेचे जा रहे इस कचरे को भोले-भाले गरीब ग्रामीण खरीदकर अनजाने में ही अपने स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे थे।