डीपी में लगी फोटो देख सब भ्रमित, ओमती थाने में एफआईआर दर्ज
जबलपुर। व्हाट्सएप ग्रुप में कलेक्टर इलैयाराजा टी के नाम से अधिकारियों से रुपए मांगने का मामला सामने आया। जिला कार्यक्रम अधिकारी को मिले मैसेज के बाद उन्होने मैसेज में मिले निर्देश के अनुसार कई अधिकारियों को ग्रुप से जोड़ लिया, लेकिन जब पैसों की मांग की गई तो उनका माथा ठनका। उन्होने जब कलेक्टर को इस संबंध में जानकारी दी तो सायबर ठग का राज खुल गया। इस मामले में ओमती थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
कलेक्टर कैसे पैसे मांग सकते हैं, माथा ठनका
. साइबर क्राइम पर नकेल कसने की कोशिश के बीच सायबर ठग पुलिस से एक कदम आगे हैं। बताया जाता है कि अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन नंबर 9382435308 से कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी के नाम से जिला कार्यक्रम अधिकारी मेहरा को मैसेज भेजा। मेहरा ने डीपी में कलेक्टर की फोटो देखकर उस पर विश्वास किया और निर्देश के मुताबिक व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ अधिकारियों को जोड़ना शुरू कर दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी को जब ग्रुप में मैसेज मिला कि एकाउंट में पैसे डालो तो उन्हें शक हुआ। तस्दीक करने जब कलेक्टर को जानकारी दी गई तो पता चला कि यह किसी सायबर ठग का काम है जो कलेक्टर के नाम पर पैसे वसूल कर रहा है। बताया जाता है कि कलेक्टर ने एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा को यह जानकारी दी तब शिकायत मिलने पर ओमती पुलिस ने बताए गए मोबाइल नंबर के आधार पर जांच करते हुए एफआईआर दर्ज की है। ओमती टीआई एसपीएस बघेल ने बताया कि शिकायत मिलने पर ओमती पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर एसपी के निर्देश पर अज्ञात सायबर ठग के खिलाफ धारा 419, 66,66 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत एफआइआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
