ढिल्लो रोड लाइंस में संजीवनी नगर पुलिस ने दबोचे सटोरिए
जबलपुर। संजीवनी नगर थानांतर्गत अंधमूक बायपास स्थित ढिल्लो रोडलाइंस के ऑफिस में बैठकर सटोरिए आईपीएल क्रिकेट मैच में टीमों की हार -जीत पर दांव लगवा रहे थे। जहां दबिश देकर पुलिस ने सटोरियों को दबोचकर उनके पास से हजारों रुपए नगद, मोबाइल फोन, टीवी व अन्य सामग्री जब्त कर ली। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया, कि मुखबिर ने सूचना दी, कि बायपास के पास ढिल्लो रोड लाइंस के ऑफिस में कुछ लोग बैठे हैं और पंजाब-चेन्नई के मैच में फोन पर सट्टेबाजी करा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने जैसे ही मौके पर दबिश दी तो पांच लोग कमरे में बैठे हुए थे और फोन पर बात कर कागज में कुछ लिख रहे थे। पुलिस ने जब कागज लेकर चेक किया तो उसमें सट्टा लगाने वालों के नाम और हिसाब-कि ताब लिखा हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने सटोरियों के पास से 8200 रुपए नगद, पांच एंड्रायड मोबाइल, टीवी, रिमोर्ट सहित आईपीएल के सट्टे में प्रयुक्त अन्य सामान जब्त किया है। सटोरियों के नाम रंजीत सिंह राजपूत, आशीष रजक, रंजीत सिंह, शिवम नामदेव, विश्वास पांडे बताए जा रहे हैं।