बिजली गुल होने से दो-चार हुए मुख्यमंत्री शिवराज व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा
April 21, 2022
0
कांग्रेस ने ली चुटकी, कहा- प्रदेश में बिजली संकट को समझा जा सकता है
भोपाल। प्रदेश में महंगी बिजली, बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या से परेशान जनता के साथ ही गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा को भी बिजली गुल होने से दो-चार होना पड़ा। मुख्यमंत्री राजधानी में प्रशासन अकादमी में सिविल सर्विस डे पर उपस्थित आईएएस व आईपीएस अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे तभी बिजली गुल हो गई, कुछ देर सीएम ने अंधेरे में ही भाषण दिया। इस मामले पर कांग्रेस ने चुटकी लेते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली संकट को समझा जा सकता है।
अंधेरे में सीएम ने आवाज लगाई..संजय दुबे हैं क्या ...
आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्रम में बिजली गुल होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने नाराजी जताने की बजाय मुस्कुराकर बोला कि कोयले का संकट है। उन्होने इसी दौरान आवाज लगाई कि ..संजय दुबे हैं क्या? संजय दुबे उर्जा विभाग के प्रमुख सचिव हैं। इसके बाद सीएम के इस अंदाज पर वहां मौजूद अधिकारी अपनी हंसी रोक नहीं पाए और चंद मिनट बाद बिजली आने पर माहौल सामान्य हो गया। वहीं इस मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने चुटकी लेते हुए ट्वीट किया मामाजी के संबोधन के दौरान काफी देर तक बिजली हुई गायब। माइक भी बंद। मामा जी ने कोयला संकट का जिक्र भी किया। प्रदेश में बिजली संकट को समझा जा सकता है। इसी तरह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा को भी प्रदेश कार्यालय में बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। गुरुवार की सुबह वीडी शर्मा की प्रेस कांफ्रेंस आयोजित थी उसके पहले बिजली गुल हो गई। इस पर भी कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट किया कि जिम्मेदारों को जनता का दर्द अब पता चलेगा।
Tags