पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार की शिकायत पर सीएम ने दिए थे निर्देश
जबलपुर। पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार करने वाले निवाड़ी जिले के जेरोन सीएमओ और दो उपयंत्नी को ईओडब्ल्यू ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ईओडब्ल्यू एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत ने बताया कि इस मामले में आरोपियों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आम सभा में मिली शिकायत पर निलंबित करते हुए ईओडब्ल्यू को जांच के निर्देश दिए थे। प्रकरण में मिले साक्ष्यों के आधार पर नगर परिषद जैरोन खालसा के तत्कालीन सीएमओ उमाशंकर मिश्र व नवाब सिंह और तत्कालीन दो उपयंत्री सृजन गुप्ता व अभिषेक सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। सभी को विशेष न्यायालय टीकमगढ़ में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया। ईओडब्ल्यू एसपी के मुताबिक प्रकरण 2018 का है जिसमें निवाडी जिले के जेरोन क्षेत्र में आयोजित सभा के दौरान पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार की शिकायत पर सीएम शिवराज सिंह ने तत्कालीन जेरोन सीएमओ और दो उपयंत्री को निलंबित करने के आदेश देते हुए ईओडब्ल्यू को मामले की जांच करने के निर्देश दिए थे। प्रकरण में इंस्पेक्टर स्वर्ण सिंह धामी ने विवेचना की और चार साल बाद जबलपुर ईओडब्ल्यू ने प्रकरण में 13 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश रचने, भ्रष्टाचार करने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का प्रकरण दर्ज किया। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।