ओमती के दिनदहाड़े अपहरण कांड में पुलिस की नाकाबंदी सफल
जबलपुर। लड़की से एकतरफा प्यार करने वाला शोहदा साथियों की मदद से 20 साल की लड़की को घर से उठा ले गया। लड़की की मां और छोटी बहन ने विरोध किया, लेकिन बदमाश शादी करने की बात कहते हुए बाइक में लड़की को बैठाकर फरार हो गए। दिनदहाड़े घर से लड़की का अपहरण होने की सूचना मिलते ही एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने लड़की की तत्काल दस्तयाबी के लिए विशेष टीम का गठन करते हुए जिले में नाकाबंदी करने के निर्देश दिए। एएसपी गोपाल खांडेल, आईपीएस शशांक,सीएसपी आरडी भारदृाज, टीआई एसपीएस बघेल, टीआई शैलेष मिश्र की टीम ने 24 घंटे के अंदर लड़की को दस्तयाब कर आरोपी प्रिंस जायसवाल उसके साथी को गिफ्तार करते हुए बाइक जब्त कर ली है। पुलिस आरोपी एवं लड़की से पूछताछ कर रही है। लड़की के बयान के अनुसार ही ओमती पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। आरोपी प्रिंस लड़की को भोपाल ले जाने की फिराक में था, पुलिस ने रेलवे स्टेशन में उसे धरदबोचा।
घर पहुंचा और बाइक में बैठाकर ले गया
ओमती पुलिस ने बताया कि सुहागी निवासी पवन उर्फ प्रिंस जायसवाल शुक्रवार दोपहर नौदरा पुल के समीप रहने वाली लड़की के घर पहुंचा और बाइक में बैठाकर उसे ले गया। लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि एक युवक जबरदस्ती घर में घुसा और लड़की का अपहरण कर ले गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में इस बात का पता चला है कि लड़का-लड़की एक दूसरे को करीब 2 साल से जानते पहचानते हैं। प्रिंस 2 साल से लड़की को अपने प्रेमजाल में फसा रहा था, 2 वर्ष पहले उसके भाई ने प्रिंस को मारा भी था। लड़की चूंकि बालिग है इसलिए उसके बयान मामले में महत्तवपूर्ण हैं। पुलिस लड़का-लड़की से घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। इधर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक एमपी 20 एनई 9619 एवं एमपी 20 एनएन 5102 जप्त कर फरार आरोपी सूरज पटैल व लालमणि की तलाश कर रही है।
15 घंटे तक पुलिस ने की तलाश, लड़की दस्तयाब
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें लगातार 15 घंटे तलाश में जुटी रहीं। लड़की को दस्तयाब एवं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में आईपीएस शशांक, टीआई एसपीएस बघेल, शैलेष मिश्र, एसआई अनिल मिश्र, एसआई अनिल कुमार, एएसआई अशोक मिश्र,एएसआई मोहन तिवारी, वीरेन्द्र सिंह, दीपक विश्वकर्मा, मनोहर पटैल, राजकुमार भांवरे, पंकज सिंह, रीतेश शुक्ला, घनश्याम चौधरी, राजेन्द्र चौधरी , प्रमोद सोनी सहित अन्य की सराहनीय भूमिका रही।
