ग्राम रैयाखेड़ा में वारदात, पुलिस हिरासत में 4 संदिग्ध
जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में खलिहान में रखी फसल की निगरानी करने रुक गए बुजुर्ग किसान की देर रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। रात 12:30 बजे तक बुजुर्ग घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग तलाशते हुए खेत पहुंचे तो बुजुर्ग की रक्तरंजित लाश पड़ी मिली। खलिहान में हुई हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई। एफएसएल टीम के साथ पहुंची माढ़ोताल पुलिस ने जांच करते हुए मौके से अहम साक्ष्य एकत्र कर पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
रक्तरंजित लाश देखकर परिजन हुए बेसुध
माढ़ोताल पुलिस ने बताया, कि ग्राम रैयाखेड़ा निवासी 70 वर्षीय नेतराम अहिरवार सेवानिवृत्त फैक्टरी कर्मी थे। नेतराम के खेत से गेहूं की फसल कटाई के बाद गांव के पास ही खलिहान में रखी हुई है। खलिहान में रखी फसल को मवेशियों से बचाने के लिए नेतराम रोजाना रात को फसल देखने के लिए खलिहान जाते थे। सोमवार रात भी खाना खाने के बाद करीब 8 बजे नेतराम खलिहान गए थे। कई घंटे बीत जाने के बाद भी नेतराम घर वापस नहीं आए तो, परिवार वाले उनकी तलाश में खलिहान पहुंचे, जहां नेतराम की खून से लथपथ लाश मिली। हमलावरों ने नेतराम के शरीर पर चाकू से 18 से 20 बार हमला किया है। नेतराम के सीने और पेट में ज्यादातर घाव हैं, एक हाथ भी चाकू के हमले से करीब-करीब 80} कटा हुआ मिला है। हत्या की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रीना पांडे शर्मा सहित भारी पुलिस बल गांव पहुंच गया था। मृतक नेतराम के चार बेटे हैं, सभी गांव में रहकर खेती-किसानी का कार्य करते हैं।
जादू-टोना के एंगल पर भी पुलिस की पड़ताल
नेतराम अहिरवार की हत्या होने के बाद से ही गांव में चर्चा है, कि जादू-टोना के चक्कर में किसी ने नेतराम का कत्ल कर दिया। पुलिस ने तत्काल सघन पड़ताल के बाद संदेह के आधार पर गांव के ही रहने वाले राजकुमार कोल, अक्कू कोल, संदीप कोल एवं सन्नाटा कोल को हिरासत में लिया है। पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है।