अधिकारियों से बोले- स्टेशन को कांक्रीट का जंगल न बनाएं, यहां पेड़ भी लगाएं
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के दौरे पर आए रेलवे की पीएसी कमेटी के चेयरमैन पीके कृष्ण दास ने यात्री सुविधाओं की न केवल टोह ली बल्कि मदन महल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए लगे एक-एक नल की टोंटी भी चेक की। रेलवे बोर्ड की पीएसी कमेटी के सदस्य डॉ अभिलाष पान्डेय के अनुरोध पर पहली बार जबलपुर पहुंचे पीके कृष्ण दास ने मदन महल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-4 पहुंचकर जबलपुर मंडल के अधिकारियों एवं स्टेशन प्रबंधक आरती यादव से मुलाकात की और निरीक्षण प्रारंभ किया। लगभग सवा घंटे तक इस स्टेशन पर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लेते रहे तथा कमी पाए जाने पर दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने यहां यात्री एवं महिला कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं की कमी को अविलंब दूर करने के लिए निर्देश दिए। स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यो का जायजा लेते हुए कृष्ण दास ने वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक विश्वरंजन से कहा कि मदन महल स्टेशन को कांक्रीट का जंगल न बनाएं, पर्यावरण की दृष्टि से स्टेशन में हरियाली के लिए पेड़ भी लगाएं।
महिलाओं के लिए सुविधा और खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट देखी
रेलवे बोर्ड पीएसी चेयरमैन ने प्लेटफार्म नम्बर-4 पर आरपीएफ आउट पोस्ट के अंदर घुसकर सीसीटीवी कंट्रोल पैनल के बारे में आरपीएफ से जानकारी ली। इसके पश्चात स्टेशन पर ही स्थित पुरुष शौचालय के अंदर जाकर साफ-सफाई देखी तथा शौचालय की संख्या बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारी को आदेश दिया। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-4 से एक नंबर प्लेटफार्म को जोड़ने के लिए बनाए गए फुट ओवर ब्रिज से होते हुए सीधे प्लेटफार्म नंबर-1 पहुंचे व दिव्यांग यात्रियों के लिए बनाए गए शौचालय एवं पीने के पानी की व्यवस्था देखी। इसके पश्चात यात्रियों को दी जाने वाली मेडिकल सुविधा के बारे में स्टेशन प्रबंधक आरती यादव से चर्चा की। फस्र्टएड बाक्स में रखी दवाईयों की एक्सपायरी डेट चेक की। स्टेशन पर खानपान के चल रहे स्टालों में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता व उसमें लिखी हुई एक्सपायरी डेट देखी। सामान खरीदने के बाद यात्रियों को दिए जाने वाले बिल की भी जानक ारी स्टाल वेंडर से ली। रिजव्रेशन काउंटर के अंदर घुसकर बुकिंग महिला कर्मचारियों से बात की तथा बाहर निकलने के बाद दिव्यांग अथवा बीमार यात्रियों को मिलने वाली स्ट्रेचर व व्हील चेयर की सुविधा का हाल जाना। जीआरपी चौकी पहुंचकर वहां महिला सिपाहियों के लिए टायलेट की कमी को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों से कहा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा, कि जब तक प्लेटफार्म नम्बर-4 पर आरपीएफ पोस्ट व जीआरपी की चौकी का नया निर्माण नहीं हो जाता है तब तक महिला कर्मचारियों के लिए टेंपरेरी रूप से शौचालय का निर्माण करवा दिया जाए। उन्होने मुख्य स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं का जायजा लिया फिर अधिकारियों के साथ चर्चा की।