निगरानीशुदा बदमाश रोहित सोनकर के खिलाफ कार्रवाई
जबलपुर। कुख्यात अपराधी बबलू पंडा हत्याकांड का मुख्य आरोपी निगरानीशुदा बदमाश रोहित सोनकर द्वारा 4 करोड़ की सरकारी जमीन पर कब्जा कर 50 लाख की लागत से निर्माण किया गया था, जिसे पुलिस-प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। बदमाश रोहित सोनकर के भाई पवन एवं नीरज सोनकर भी अपराधिक प्रवृत्ति के हैं। तीनों भाईयों ने क्षेत्र में दबंगई करते हुए थाना बरेला अंतर्गत निवास रोड पर स्थित ग्राम पुरवा पटपरा में शासकीय भूमि में मकान तथा लगभग 14 हजार वर्गफुट में निर्मित वाउण्ड्रीवाल, तार की फैंसिंग एवं गेट बनाकर रखा था, जिसे जमींदोज कर कब्जा मुक्त कराया गया है। राशन की कालाबाजारी, मिलावटखोरों, भू-माफिया/चिटफंड कंपनी कारोबारियों एवं सूदखोरों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर इलैयाराजा टी. एवं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा दिए गए हैं। पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम माफिया/बदमाशों की लिस्ट तैयार कर लगातार कार्रवाई कर रही है।
तार की फैंसिंग कर बना लिया था मकान
डीएसपी अपूर्वा किलेदार ने बताया कि निगरानीशुदा बदमाश रोहित सोनकर के विरूद्ध थाना बरेला में एनडीपीएस एक्ट , अवैध वसूली मारपीट, बलवा, दहेज प्रताड़ना के प्रकरण दर्ज हैं। रोहित सोनकर के 2 भाई पवन सोनकर एवं नीरज सोनकर अपराधी प्रवृति के हैं। तीनों भाईयों ने निवास रोड पर स्थित ग्राम पुरवा पटपरा में मां सबिता बाई के नाम पर वर्ष 2006 में जारी 900 वर्ग फुट भूमि पट्टा के स्थान पर शासकीय भूमि 1800 वर्ग फुट में मकान का निर्माण एवं 14 हजार वर्गफुट में वाउण्ड्रीवाल निर्मित तथा तार की फैंसिंग कर गेट लगाकर कब्जा कर रखा था। शासकीय भूमि पर 50 लाख रूपए की लागत से अवैध निर्मित मकान के 900 वर्गफुट हिस्से को एवं 14 हजार वर्ग फुट में वाउण्ड्रीवाल तथा तार की फैंसिंग को जमींदोज कर लगभग 15 हजार वर्ग फुट भूमि जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ रुपए है, को कब्जा मुक्त कराया गया। विवाद होने की आशंका को ध्यान मे रखते हुए कार्रवाई दौरान एसडीएम पीके सेनगुप्ता, डीएसपी अपूर्वा किलेदार, नायब तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजाम, थाना प्रभारी बरेला जितेंद्र यादव, टीआई ग्वारीघाट भूमेश्वरी चौहान, टीआई संजीवनीनगर शोभना मिश्र, चौकी प्रभारी गौर टेकचंद शर्मा, आरआई अंकित शुक्ला एवं थाना केंट व थाना गोराबाजार थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।