अमखेरा में चला बुल्डोजर, फेंसिंग कर बना लिया था मकान
जबलपुर। जिला प्रशासन के बुल्डोजर ने अमखेरा में साढ़े चार करोड़ रुपए कीमती सरकारी जमीन को अवैध कब्जा से मुक्त कराया। पुलिस बल की मौजूदगी में एसडीएम नम: शिवाय अरजरिया ने यह कार्रवाई की। एसडीएम ने बताया कि जेल में बंद ठक्करग्राम निवासी भू-माफिया आकिब ने करीब ढाई एकड़ जमीन पर कब्जा कर फैंसिंग कर ली थी और मकान बना लिया था जिसे आज प्रशासन ने मुक्त करा लिया।
मुख्य मार्ग से लगी जमीन पर प्लाटिंग करने की थी तैयारी
माफिया के विरु द्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा एवं नगर निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ के निर्देशन में जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई कर आधारताल तहसील के अंतर्गत अमखेरा में करीब ढाई एकड़ शासकीय भूमि को भू-माफिया आकिब अंसारी के अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है। मुख्यमार्ग से लगी व्यवसायिक महत्व की इस भूमि पर आकिब ने कब्जा कर मकान बना लिया था और प्लाटिंग कर बेचने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर से फैंसिंग व मकान के स्ट्रक्चर को हटा दिया गया। इस शासकीय भूमि का कीमत साढ़े 4 करोड़ रु पए है। माफिया आकिब अंसारी के खिलाफ शासकीय भूमि में कब्जा करने पर गोहलपुर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।