Type Here to Get Search Results !

मंत्री-अफसरों की हिस्सेदारी का तुर्रा बताकर अमित खम्परिया ने हड़पे 2 करोड़

टोल प्लाजा की पार्टनरशिप में धोखाधड़ी,एक और एफआईआर दर्ज 

जबलपुर। टोला प्लाजा में पार्टनर बनाकर आय में 25 प्रतिशत की हिस्सेदारी देने का झांसा देकर टोल माफिया अमित खम्परिया ने उत्तरप्रदेश के कारोबारी से अनुबंध कर 2 करोड़ से अधिक की रकम हड़प ली। करोड़ों की ठगी करने वाले खम्परिया ने यूपी के उक्त कारोबारी को अपने ऑफिस बुलाकर गनधारियों का भय दिखा अनुबंध निरस्तीकरण पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करा लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा से की थी। इसकी जांच सीएसपी बरगी आईपीएस प्रियंका शुक्ला ने की, जिसके बाद अमित खम्परिया के विरुद्ध धारा 420,406,386 का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश की जा रही है। अमित खम्परिया ने यह झांसा दिया था कि उसके साथ मंत्री और अफसरों की हिस्सेदारी भी रहती है।

 यूपी के कारोबारी को बड़े मुनाफा का दिखाया सपना

करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का शिकार हुए 80 वर्षीय गोपीकृष्ण माहेश्वरी निवासी ग्राम सहसीपुर पोस्ट खम्हरिया जिला भदौही उत्तरप्रदेश ने शिकायत में पुलिस को बताया कि उसकी पहचान अमित खम्परिया निवासी संजीवनीनगर गढ़ा से लगभग 3 वर्ष पूर्व आनंद तिवारी निवासी सैदुपुर (गाजीपुर) जो कि टोल प्लाजा का व्यवसाय करते थे एवं अमित खम्परिया से पूर्व से परिचित थे, के माध्यम से हुई थी। आनंद तिवारी ने उसे बताया कि अमित खम्परिया टोल प्लाजा का व्यवसायी हैं। अमित ने बातचीत के दौरान बताया कि टोल प्लाजा में बहुत मुनाफा होता है। मेरे द्वारा कई टोल प्लाजा का संचालन किया जा रहा है जिसमें देश के अलग अलग स्थानों के लोग मेरे साथ इन्वेस्टमेंट कर काफी लाभ कमाते हैं। देश के कुछ मंत्री ओैर कुछ अधिकारी परिचित हैं जो मेरे साथ टोल प्लाजा मे इन्वेस्टमेंट करते हैं। अमित खम्परिया ने कहा कि आप भी मेरे साथ इन्वेस्टमेंट कर लो,20 प्रतिशत प्रतिमाह का लाभ आपके द्वारा लगाई गई रकम मे दूंगा और लाभ के अलावा जो रकम आप लगाओगे वह टोल प्लाजा अवधि समाप्त होते ही आपको वापस कर दूंगा।

 एफडी तोड़कर खम्परिया के बैंक खाते में जमा की रकम

 खम्परिया के झांसा में आने के बाद गोपीकृष्ण माहेश्वरी कुंवरपुर टोलप्लाजा के लिए एनएचएआई को 3 करोड़ 38 लाख रुपए जमा कराए गए, जिसमें गोपीकृष्ण ने 2 करोड 6 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से अमित खम्परिया के बताए गए बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा संजीवनीनगर जबलपुर में ट्रासफर कर दिए गए। ट्रांसफर की गई रकम के अनुसार कुंवरपुर टोल प्लाजा में पार्टनर बनाया जाना था। एग्रीमेंट के लिए जबलपुर स्थित संजीवनी नगर कार्यालय बुलाया गया तो अमित ने बोला कि अभी आपको 25 प्रतिशत का हिस्सेदार बना रहा हूं। आपका 84,50,000/-रु पए उक्त टोल प्लाजा हेतु बनता है। गोपीकृष्ण ने 84,50,000/-रु पए की अमानत राशि के अलावा टोल प्लाजा लेते समय 1 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपए की भागीदारी प्रतिशत के हिसाब से ज्यादा ले लिए गए थे, वापस मांगे तो अमित खम्परिया ने 2 से 4 दिन में खाते में रकम वापस करने की बात कही। 

जबलपुर बुलाया फिर ऑफिस में बंदूकधारियों से चमकाया

 गोपीकृष्ण माहेश्वरी के मुताबिक अमित खम्परिया ने पैसे मांगने पर जबलपुर अपने संजीवनी नगर कार्यालय बुलाया। वहां बताया कि उसके द्वारा निवेश की गई रकम डूब गई है। कुंवरपुर टोल प्लाजा की किस्तें विलंब से जमा करने पर 2 प्रतिशत की रोज ब्याज की पेनॉल्टी वसूली गई। आपका पैसा डूब गया, अब मेरी जिम्मेदारी नहीं है। कार्यालय में अपने तीन-चार बंदूकधारियों का भय दिखाकर उसने जबरन अनुबंध निरस्तीकरण पर हस्ताक्षर करा लिए। पीड़ित उसके चंगुल से किसी तरह निकल पाया। इसके बाद उसने अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेजा था। फोन पर बातचीत हुई कि पुलिस में शिकायत करूंगा, तो धमकाया कि दो जमानतदार भी लेते आना।

 पुलिस थानों में अमित खम्परिया के खिलाफ दर्ज हैं 13 प्रकरण

जिला कटनी के विजयराघवगढ़ थाने में चोरी, साजिश रचने और अवैध खनन का प्रकरण दर्ज है। जिला उमरिया के थाना मानपुर में मारपीट, धमकी के दो और कोतवाली में हत्या, हत्या के प्रयास, साजिश रचने का प्रकरण दर्ज है। जिला मंडला के थाना खिटया में धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा के दो अपराध दर्ज हैं। दोनों में पांच-पांच साल की सजा हो चुकी है। इस प्रकरण में पिता, मौसा व रिश्तेदार को बचाने फर्जी लोगों को जेल भिजवाया था। जिला जबलपुर के थाना मदनमहल में 24 फरवरी 2022 को धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज है। थाना भेड़ाघाट में बलवा, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज। थाना गढ़ा में मारपीट, धमकी देने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज। थाना लार्डगंज में महामारी अधिनियम और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित साजिश रचने का प्रकरण दर्ज है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.