मझौली के ग्राम खबरा के पास दर्दनाक हादसा
जबलपुर। मझौली थानांतर्गत ग्राम खबरा के पास बेलगाम भाग रही मारूति वैन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि ग्राम रानीताल में रहने वाले आशीष झारिया, सुनील झारिया और प्रदीप झारिया मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन करते थे और प्रतिदिन मजदूरी करने जबलपुर आया करते थे। बीती रात जब तीनों बाइक क्रमांक एमपी 20 एनएम 9290 से मजदूरी कर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी ग्राम खबरा के पास मारूति वैन क्रमांक एमपी 20 बीए 4827 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद राहगीरों ने 108 एंबूलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान आशीष की मौत हो गई, जबकि सुनील और प्रदीप की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद से आरोपी चालक फरार बताया जा रहा है। एक ही परिवार के थे तीनों बताया जा रहा है कि आशीष, प्रदीप और सुनील एक ही परिवार के थे और रोज एक ही बाइक से तीनों काम के लिए जाया करते थे। घटना के बारे में परिजनों को जैसे ही जानकारी लगी तो पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और सभी आनन-फानन में मेडिकल अस्पताल पहुंचे। जहां आशीष की मौत की खबर मिलते ही उसके माता-पिता सदमे में आ गए। घर के अन्य लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए वापस रानीताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस वैन के नंबर के आधार पर आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।