Type Here to Get Search Results !

शक्कर-तेल के बड़े व्यापारी पर आईटी छापा, नौकरों के नाम मंगाते थे करोड़ों का माल

जबलपुर से लेकर भोपाल व नरसिंहपुर में इन्वेस्टिगेशन विंग की बड़ी कार्रवाई 

जबलपुर। शक्कर और खाद्य तेल के बड़े व्यापारी बंधुओं पर इनकम टैक्स विभाग के छापे में करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा होने की खबर है। कटंगा एपीआर कॉलोनी में रहने वाले थोक कारोबारी भरत चिनानी व सुरेश हथवानी के निवास से लेकर नरसिंहपुर व भोपाल में इनकम टैक्स विभाग की इन्वेस्टिगेशन टीम ने छापा मारकर लाखों रुपए नकदी सहित सोने-चांदी व हीरे जवाहरात व सम्पत्ति संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। बताया जाता है कि ये बड़े कारोबारी टैक्स चोरी करने नौकरों के नाम पर करोड़ों की माल खरीदते और सप्लाई करते थे। 

नोट गिनने मशीन और जेवरात की तौल करने बुलाई वेट मशीन

 जबलपुर, नरसिंहपुर सहित भोपाल में एक साथ मारे गए छापे में इनकम टैक्स अधिकारियों को चौंकाने वाली जानकारी मिली है। शक्कर व तेल के थोक कारोबारियों के ठिकानों पर छापा मारने के बाद नोट गिनने की मशीन और कीमती जेवरात के लिए वेट मशीन के साथ ही सही आंकलन करने सराफा कारोबारी जयंत पारिख को बुलाया गया। इनकम टैक्स इंवेस्टिगेशन विंग के अधिकारियों ने व्यापारियों के निवास, गोरखपुर, घंटाघर, नया मोहल्ला ओमती, गुरंदी सहित आठ स्थानों पर सर्चिग अभियान चलाया। इसके अलावा नरिसंहपुर में और भोपाल में भी कई ठिकानों पर छापा कार्रवाई दिन भर चलती रही। घर और कार्यालय से बड़ी मात्र में व्यापार संबंधी दस्तावेज, कम्प्यूटर हार्ड डिस्क जब्त किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि छापे में अब तक करीब 100 करोड से अधिक टैक्स चोरी का पता चला है, जिसकी जानकारी अधिकारिक तौर पर आला अधिकारी देंगे।

 शुगर मिल से जुड़े कॉलोनाइजर नवाब रजा के घर पर भी छापा

बताया जाता है कि शुगर मिल से जुड़े भोपाल के कॉलोनाइजर नवाब रजा के ठिकानों पर भी छापा मारा गया। भोपाल के कोहेफिजां में रहने वाले नवाब रजा के इस व्यापार से तार जुड़े हैं। इधर,इनकम टैक्स विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर मुनमुन शर्मा ने मुताबिक टैक्स चोरी की सूचना पर सर्चिंग कार्रवाई चल रही है। चूंकि भरत चिनानी और सुरेश हथवानी शक्कर व ऑयल के थोक व्यापारी हैं और इनकी सप्लाई महाकोशल के जिलों से लेकर भोपाल तक होती है, इसलिए विस्तृत छानबीन चल रही है। बताया जाता है कि ये व्यापारी शुगर मिल से सीधे माल खरीदते थे, इस वजह से नरसिंहपुर स्थित महाकोशल शुगर मिल में भी इनकम टैक्स के अधिकारियों ने छापा मारा। इस संबंध में अधिकारियों ने कार्रवाई पूरी होने के बाद अधिकृत तौर पर जानकारी देने की बात कही है। वहीं इस कार्रवाई से शक्कर व तेल के व्यापारियों में दिनभर खलबली मची रही।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.