स्कूल की लैब में अव्यवस्था देखकर जताई नाराजगी
जबलपुर। शहर की व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिहाज से कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। आज सुबह वे अचानक पं. लज्ज शंकर झा (मॉडल) स्कूल जा पहुंचे। सबसे पहले उन्होने 11 वीं कक्षा के विद्यार्थियों से मुलाकात की। दरअसल, स्कूल में 11 वीं कक्षा के बच्चे पेपर देने आए हुए थे, उनसे रूबरू होते हुए कलेक्टर ने पूछा कि प्रश्न पत्र कैसा आया है। कक्ष में मौजूद सभी बच्चों ने कहा कि प्रश्न पत्र अच्छा है। इसके बाद उन्होने बच्चों से स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी पूछा। कलेक्टर निरीक्षण के दौरान साइंस लैब जा पहुंचे, लेकिन लैब को अव्यवस्थित और कक्ष में पसरी गंदगी को देख उन्होने नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिए कि लैब को व्यवस्थित और साफ-सुथरा रखा जाए। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने संविदा शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी अवलोकन किया। इसके बाद उनका काफिला आगे रवाना हो गया।
गोरखपुर नगर निगम जोन कार्यालय में देखा रिकार्ड
मॉडल स्कूल से कलेक्टर मदन महल के लिए रवाना हुए थे, लेकिन वे गोरखपुर स्थित नगर निगम जोन कार्यालय के समक्ष जैसे ही पहुंचे। वे रूक गए और सीधे कार्यालय के अंदर जा पहुंचे। उन्होने कार्यालय में पदस्थ स्टॉफ के बारे में जानकारी और रिकार्ड देखे। उन्होने सूचना पटल में प्रदर्शित संदेशों को देखा। वहीं जोन कार्यालय के समक्ष ही अव्यवस्थित सब्जी मंडी को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई।