मदन महल थाना क्षेत्र में हथियार लेकर घुसे थे, सतर्कता से पकड़े
जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में एमएलबी स्कूल के समीप एक घर में लूट के इरादे से घुसे दो लुटेरे क्षेत्रीय लोगों की सतर्कता से दबोच लिए गए। बताया जाता है कि यूपी के बरेली से आए चार बदमाश कार में सवार होकर सूरज महावत के घर में घुसे और पिस्तौल अड़ाकर महिला को धमकाया, तभी उसकी चींख और पुकार से दौड़े लोगों ने दो युवकों को दबोच लिया। मौके पर लोगों का गुस्सा देख बाहर खड़े उनके दो साथी कार में बैठकर फरार हो गए। बताया जाता है कि पकड़े गए लुटेरे यूपी की बरेली से आए थे और रैकी करने के बाद बुधवार को सूरज महावत के घर में घुसे थे तभी शोर मचने के कारण पकड़े गए। लोगों ने लुटेरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस फरार हो गए दोनों साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि बदमाशों के पास हथियार के अलावा भेष बदलने के लिए नकली दाढ़ी-मूंछ व कैप आदि मिली है और वे भेष बदलने में माहिर बताए गए।