पूर्व तहसीलदार के मैनेजर से परेशानी से बचने मांग रहे थे 30 हजार रुपए
जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल के मैनेजर से होटल चलाने और परेशानी से बचने के एवज में 30 रुपए महीना मांग रहे सब इंस्पेक्टर व आरक्षक को एसपी ने सस्पेंड कर दिया है। होटल मालिक पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी ने अवैध वसूली की डिमांड करने वाले एसआई सत्यनारायण कुशवाहा व आरक्षक विकास ठाकुर की बातचीत का ऑडियो एसपी तक पहुंचाया था। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
10 दिन पहले शुरू हुई है होटल, चाहे जब चैकिंग
बताया जाता है कि सुकून ग्रुप के संचालक पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी ने 10 दिन पहले टेलीग्राफ गेट नं.1 के समीप होटल की शुरुआत की है। लार्डगंज थाने में पदस्थ एसआई सत्यनारायण कुशवाहा और आरक्षक विकास चाहे जब चैकिंग के नाम पर होटल में दबिश देते थे। रजिस्टर चेक करने और होटल में आने वाले ग्राहकों को परेशान करने के बाद पुलिसकर्मियों ने होटल के मैनेजर आकाश व प्रदीप श्रीवास्तव को दम दी कि यदि परेशानी से बचना है तो प्रतिमाह 30 हजार रुपए देना पड़ेंगे। मैनेजर ने अपने मालिक की कैफियत दी तो एसआई का कहना था कि उन्हें बता दो, बिजनेस करना है तो पैसे देना पड़ेंगे। इस मामले की शिकायत व ऑडियो सुनने के बाद एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने एसआई सत्यनारायण व आरक्षक विकास को सस्पेंड कर दिया। इस संबंध में थाने के टीआई व कोतवाली सीएसपी से भी जवाब मांगा गया है। बताया जाता है कि एसआई सत्यनारायण की इसके पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं।