5 युवकों ने देर रात घेर कर चाकू व रॉड से किए ताबड़तोड़ वार
जबलपुर। पनागर में बीच चौराहे बर्थडे पार्टी से वापस लौट रहे युवक को घेरकर 5 युवकों ने हत्या कर दी। चाकू एवं रॉड से ताबड़तोड़ वार करने के कारण युवक लहुलुहान हो गया जिसे जबलपुर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पनागर बाजार स्थित अभिमन्यु चौक के पास रात 11 बजे हुई इस वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पनागर पुलिस ने फरार आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वारदात स्थल पर मौजूद एक युवक ने पुलिस को कुछ आरोपियों के नाम बताए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने देर रात कई स्थानों पर आरोपियों की तलाश की।
पनागर पुलिस ने बताया कि विनोवा भावे वार्ड पनागर निवासी सुरेश चंद्र पटेल का 36 वर्षीय बेटा संदीप पटेल अपने दोस्त मोहित रजक व अंकित के साथ बड़ी खेरमाई के पास रहने वाले आकाश प्रजापति के जन्मदिन की पार्टी में शामिल गया था। रात करीब 10:30 बजे तीनों बाइक से वापस घर आ रहे थे, तभी मुख्य बाजार अभिमन्यु चौक छोटे महावीर मंदिर के पास 5 युवकों ने रोक लिया। आरोपियों ने मिलकर संदीप पटेल पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। संदीप पटेल पर हुए हमले की जानकारी मोहित रजक ने उसके छोटे भाई रंजीत पटेल को दी। रंजीत पटेल मौके पर पहुंचा तो देखा कि भाई संदीप लहूलुहान होकर जमीन पर पड़ा हुआ है। रंजीत और उसके साथी भाई को तत्काल शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया। जबलपुर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने संदीप पटेल को मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पनागर टीआई आरके सोनी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच गए। मृतक संदीप के दोस्त मोहित ने पुलिस को बताया कि नीरज पटेल, सुरेंद्र ठाकुर, रानू ताम्रकार, ऋृतिक पटेल एवं एक अन्य ने संदीप पर हमला किया था, जिसमें उसकी मौत हो गई। मोहित के बयान के बाद से ही पुलिस की 2 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुईं हैं। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चेक कर रही है,ताकि हमलावरों की सटीक पहचान हो सके। संदीप पटेल की हत्या के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि रंजिश के चलते आरोपियों ने रैकी एवं घेराबंदी कर वारदात को अंजाम दिया है।