एक जिला एक उत्पाद में चयन के बाद प्रशासन व किसानों का आयोजन
जबलपुर। एक जिला एक उत्पाद योजना अंतर्गत चयनित जबलपुर जिले के हरे मटर की ब्रांडिंग कर किसानों को प्रोत्साहित और सशक्त बनाने रविवार को कृषि उपज मंडी से किसान जागरुकता और सम्मान यात्र का आयोजन रैली के रूप में किया गया। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आयोजित रैली का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने हरी झंडी दिखा कर किया। कलेक्टर ने कहा कि जबलपुर के हरे मटर को पूरे देश में फेमस करना है।
कार-जीप में आए किसान एक ट्रैक्टर भी लाए
रैली में ट्रेक्टर सहित कार-जीप और कृषि व्यवसाय में उपयोग किए जा रहे वाहनों पर किसान शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी सहित कृषि जगत से जुड़े वैज्ञानिक सहित उप संचालक उद्यानिकी नेहा पटेल भी शामिल हुईं। रैली कृषि उपज मंडी से सूखा, नुनसर, उड़ना, पाटन, शहपुरा रोड से ग्वारी, धनेटा से राखी, कुवगवां से सरखंडी, ज्वाप, गड़र पिपरिया, सहजपुर मटर मंडी से भोपाल हाइवे से नटवारा, जमखार, बेलखेड़ा पहुंचेगी जहां सभा के रुप में परिवर्तित हो गई।
हरे मटर उत्पादन के लिए प्रशासन की लगातार कवायद
उल्लेखनीय है, कि शासन-प्रशासन द्वारा विगत कई माह से मटर की ब्रांडिंग करने लगातार कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए देश-विदेश में जबलपुरी मटर का ब्रांड स्थापित करने यह आयोजन किया गया। इसके लिए अनेक आयोजन-नियोजन और प्रोत्साहन सम्बंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।