गोरखपुर सीएसपी कार्यालय पहुंचे हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ता
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में रामपुर निवासी एक नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फसाने और उसके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया। इसमें हिंदू धर्मसेना ने गोरखपुर थाने पहुंचकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि आदिल खान नाम के लड़के ने एक विधवा महिला की नाबालिग बेटी को लव जिहाद में परेशान कर रखा है। पुलिस ने प्रकरण की जांच का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।
परिवार को सुरक्षा देने की मांग, सीएसपी ने दिया आश्वासन
बताया जाता है कि गोरखपुर सीएसपी आलोक शर्मा के कार्यालय पहुंचे हिंदू धर्मसेना के प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि रामपुर निवासी विधवा महिला जो कि प्राइवेट जॉब करती है, उसकी नाबालिग लड़की को घर के पास ही रहने वाले आदिल खान ने प्रेम जाल में फसाया और डरा धमका कर आपत्तिजनक वीडियो व फोटो खीचकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला। नाबालिग लड़की ने जब यह बात अपनी मां को बताई तो उन्होने हिंदू धर्मसेना से मदद के लिए संपर्क किया। सीएसपी के पास पहुंची संगठन की महिला विंग की प्रभारी लता सिंह ने कहा कि आदिल खान ने पुलिस में रिपोर्ट करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। सीएसपी ने पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर हिंदू धर्मसेना के भागचंद पटेल,नीरज राजपूत, अविनाश सुखदान,आसू गुप्ता,वंश सराफ,सौरभ उईके,आयुष महावर व चंडी वाहिनी की बीना जड़िया, अनंता ठाकुर, चंद्रा दीक्षित,सोनी ठाकुर,रेखा अहिरवार ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।