अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति व सुप्रीम कोर्ट से संज्ञान लेने का किया आग्रह
लखनऊ। पांच राज्यों के चुनाव में सर्वाधिक चर्चा और देश की धड़कन से जुड़े रहे यूपी के नतीजों में ईवीएम का मामला न सिर्फ सुर्खियों में रहा बल्कि चुनाव परिणाम आने के पहले शुरू हुआ विवाद अब भाजपा को मिले स्पष्ट बहुमत के बाद भी ईवीएम बदलने पर सवाल और इस संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर मच रहे बवाल के रूप में चर्चा में है। विराज भारत इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव सोशल मीडिया पर लिखा- ईवीएम बदले जाने को लेकर एक चुनाव अधिकारी ने किसी से बात की, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति को इस पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि किसी व्यक्ति का जीवन हमारे लिए सरकार बनाने से ज्यादा अहम है, ऐसे में सरकार से उम्मीद है कि ऑडियो से संबंधित व्यक्ति को पूरी सुरक्षा दी जाए और इस मामले की निष्पक्षता से जांच की जाए।
वायरल ऑडियो में बातचीत के मुख्य अंश
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो लोगों की बातचीत का यह ऑडियो करीब 10 मिनट का है। ऑडियो में एक व्यक्ति खुद को चुनाव अधिकारी बता रहा है।
चुनाव अधिकारी- इससे पहले बिहार चुनाव में भी ईवीएम की अदला बदली हुई थी?
दूसरा व्यक्ति- आप गाजीपुर में ड्यूटी कर रहे थे?
चुनाव अधिकारी- हां। तहसीमाबाद में मेरी ड्यूटी लगी थी मैं वहां पीठासीन अधिकारी हूं।
दूसरा व्यक्ति- आपका ईवीएम बदल दिया गया आपको पता होना चाहिए था।
चुनाव अधिकारी- एसओ से पहले बताया तो एसओ ने कहा कि तुम्हारी नौकरी भी जाएगी और तुम भी जाओगे, अपनी नौकरी बचाओ।
दूसरा व्यक्ति- हर जगह ऐसा ही हुआ? चुनाव अधिकारी- हर जगह नहीं हर बूथ पर ऐसा हुआ है।
ऑडियो में कुछ इस तरह की बातें है, जिसमें ईवीएम बदलने के खेल का जिक्र किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वोटों की गिनती के पहले वाराणसी में एक ट्रक पर ईवीएम पकड़े जाने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भारी हंगामा मचाया था और इस पर चुनाव आयोग ने सफाई में कहा था कि ये ईवीएम ट्रेनिंग के लिए ले जाई जा रही थी। इस पर मचे बवाल में ये बात भी सामने आई कि कोई भी ईवीएम किसी भी उद्देश्य से बाहर निकाली जाए,उसके लिए राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता या प्रत्याशी द्वारा अधिकृत व्यक्ति या व्यक्तियों की सहमति अनिवार्य होती है। फिलहाल, ईवीएम पर नया विवाद खड़ा हो गया है।