50 लाख सदस्य बनाना है और 31 मार्च है अंतिम तारीख
भोपाल। कांग्रेस में आलाकमान से प्रदेश के नेताओं की मुलाकात के बीच प्रदेश कांग्रेस के निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खुटिया ने दो टूक कहा है कि संगठन में सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा न करने वालों को संगठन से हटा दिया जाएगा। मध्यप्रदेश के लिए एआईसीसी से नियुक्त निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि सदस्यता अभियान हर हाल में 31 मार्च तक पूरा करना है और पीसीसी को जो 50 लाख सदस्य बनाने का टारगेट दिया है, उसमें जिम्मेदारी से काम न करने वाले पार्टी पदाधिकारियों को बाहर कर दिया जाएगा। जिला अध्यक्ष और ब्लॉक सदस्यों को सबसे ज्यादा सदस्य बनाने का टारगेट मिला है। सदस्यता अभियान अब चार दिन और चलेगा। इससे पहले हाल ही में खुटिया ने भोपाल में बैठक कर सदस्यता अभियान की अपडेट ली थी तब साफ चेतावनी दी थी कि जिसने भी लक्ष्य पूरा नहीं किया उसे संगठन में पद नहीं दिया जाएगा।
अंतिम तारीख बढ़ाने एक बार फिर जिला इकाईयों का जोर
बताया जाता है चेतावनी के बाद जो जिला अध्यक्ष इस सदस्यता अभियान में अपने लक्ष्य से दूर हैं, उन्होंने इस अभियान की अंतिम तारीख बढ़ाने की भी मांग खुटिया से की है। हालांकि खुटिया ने साफ कर दिया कि अभियान 31 मार्च तक ही चलेगा। इसी तारीख तक सभी को अपने टारगेट पूरा करने होगा। निर्वाचन अधिकारी ने जब बैठक ली थी तब तक डेढ़ लाख सदस्यों के सदस्यता शुल्क की करीब साढ़े सात लाख राशि और फार्म प्रदेश कार्यालय में जमा हो चुके थे। पार्टी के निर्देश के अनुसार प्रदेश में 50 लाख सदस्य बनाना है और इसके लिए निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला अध्यक्षों, ब्लाक अध्यक्षों को चेताया है कि वे इसे पूरा करें। हालांकि खुटिया ने उम्मीद जताई है कि पार्टी को किसी के खिलाफ कार्रवाई करने की नौबत नहीं आएगी और सदस्यता का लक्ष्य पूरा हो जाएगा।
