Type Here to Get Search Results !

मेडिकल के सिक्योरिटी गार्ड ने तिलवारा पुल से कूदकर आत्महत्या की

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद बोस मेडिकल कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड ने तिलवारा के नए पुल से नर्मदा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि गार्ड करीब 8 दिन से मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि उसने अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की। तिलवारा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। तिलवारा पुलिस ने बताया, कि सगड़ा निवासी 34 वर्षीय रतन सिंह राजपूत पिता सुखदेव सिंह राजपूत मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्ड था। रतन ने मंगलवार की शाम 6:30 बजे तिलवारा के नए पुल से नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। पुल से वह पीठ के बल नीचे गिरा था, एक बार पानी के नीचे गया और फिर ऊपर आ गया। घाट में मौजूद नाविक ने युवक को खींचकर नदी से बाहर निकाला। घाट से जब तक उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने का प्रबंध होता, तब तक उसकी वहीं मौत हो गई।

 मानसिक रूप से था परेशान, कुछ दिन से गुमसुम रहा

 तिलवारा पुलिस को प्राथमिक पूछताछ में परिजनों ने बताया, कि वह पिछले 8 दिन से गुमसुम सा था। दो दिन से भोजन भी नहीं किया था। पेट में दर्द होने की बात कहीं थी, जिस पर परिजनों ने डॉक्टरों को भी दिखाया था। मंगलवार शाम 5:30 बजे वह पिता से बात कर निकला था, कि टहल कर आ रहा हूं। रतन सिंह पैदल ही तिलवारा पुल पहुंचा और छलांग लगाकर जान दे दी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.