कुंडम में चरित्र संदेह पर वारदात, पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार
जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र में चरित्र संदेह पर पति ने पत्नी की हत्या कर दी और ससुर को फोन कर बोला कि आपकी बेटी ने जहर खा लिया है, आकर ले जाओ। वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को मासूम बच्चों ने बताया कि पिता ने डंडा मारकर मां को मार डाला और भाग गया। पुलिस ने चंद घंटों के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बिस्तर पर पड़ी थी लाश, बच्चों को छोड़ पिता फरार
डीएसपी अपूर्वा किलेदार ने बताया कि कुंडम के ग्राम चैरई में 35 वर्षीय गीता चौधरी की संदिग्ध हालत में मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर जमीन पर बिछे बिस्तर पर गीता बाई की लाश पड़ी थी और आसपास खून फैला था। उसके सिर व माथे पर चोट के निशान थे और पास ही पड़े एक डंडे में खून लगा था। इसी दरम्यान वहां पहुंचे शहपुरा डिंडोरी निवासी मृतका के पिता मुन्नालाल रैदास ने बताया कि सुबह दामाद संतोष चौधरी ने फोन कर बताया था कि तुम्हारी बेटी ने जहर खा लिया है आकर देख लो। पुलिस ने जब पूछताछ की तो मृतका के 10 वर्षीय बेटे राजा व 7 वर्षीय बेटी आरती ने बताया कि पापा ने मां से विवाद किया और डंडा से मारकर भाग गए। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर पहुंची डीएसपी अपूर्वा किलेदार, एफएसएल डॉक्टर सुनीता तिवारी ने मौका मुआयना कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जंगल में छिपा था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
बताया जाता है कि पुलिस ने आसपास लोगों से पूछताछ कर आरोपी संतोष चौधरी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम को चैरई गांव के आगे जंगल में छिपे बैठे संतोष का सुराग मिल गया था। पुलिस ने चंद घंटों में ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गीता बाई के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात पर उससे विवाद हो गया था। ड्राइवरी करने वाले 35 वर्षीय संतोष को गिरफ्तार किया जाकर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
