Type Here to Get Search Results !

सर्किट हाउस रेप कांड, सीएम ने पूछा हिस्ट्रीशीटर के नाम किसने दिया वीआईपी कमरा ?

नाबालिग लड़की से कुकर्म करने वाला हाईफाई बाबा सिंगरौली में गिरफ्तार 

रीवा। राजनिवास सर्किट हाउस के वीआईपी कक्ष में नाबालिग लड़की को शराब पिलाकर रेप करने का आरोपी बाबा सीताराम दास उर्फ समर्थ त्रिपाठी सिंगरौली में गिरफ्तार कर लिया गया है। सनसनीखेज रेप कांड के शोर के बीच रीवा पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूछा कि सर्किट हाउस का वीआईपी कमरा किसने हिस्ट्रीशीटर विनोद पांडे के नाम पर दिया? इस पर अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। 16 साल की सतना निवासी लड़की से रेप का यह मामला प्रदेश के चर्चित कांड में शुमार हो गया क्योंकि आरोपी बाबा की विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम सहित आला अधिकारियों के साथ फोटो वायरल हो रहे हैं। 

सतना से रीवा लाई गई नाबालिग लड़की को बाबा के साथ छोड़ा

 28 मार्च को सतना से रीवा लाई गई 16 वर्षीय लड़की को महंत सीताराम दास का खास बताया जाने वाला हिस्ट्रीशीटर बदमाश विनोद पांडे राजनिवास (सर्किट हाउस) एनेक्सी भवन के कमरा नंबर 4 में ले गया, जहां महंत को ठहराया गया था। विनोद पांडे तीन दिन से इस कमरे में कब्जा जमाए था और उसी को यह कमरा आवंटित किया गया था। किशोरी को बताया गया कि महंत उसका कल्याण कर देंगे। इसके बाद विनोद पांडे और उसके साथी ने शराब पी और लड़की को जबरन पिलाने का प्रयास किया और उसे महंत के पास छोड़कर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर चले गए। महंत ने रेप करने के बाद लड़की को उसके घर छोड़ने की बात कही। सतना जाने के बाद अगले दिन लड़की परिजनों के साथ रीवा आई और सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई। एएसपी शिव कुमार वर्मा के मुताबिक अकौरी थाना नईगढ़ी निवासी विनोद पांडे के बुलान पर लड़की सतना से आई थी। 

मुख्यमंत्री रीवा में, दिखाई सख्ती, कांग्रेस ने ली चुटकी

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को रीवा में थे, उन्होने इस कांड में सख्त कार्रवाई की बात करते हुए मंच से ऐलान किया कि बेटी के साथ दुराचार करने वाला कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा। उन्होने आईजी, कलेक्टर व एसपी से मुखातिब होकर कहा कि कहां है बुल्डोजर, गुंडे बदमाशों को कुचल दो। उन्होने राजनिवास में इस तरह की घटना पर नाराजी जताई और पूछा कि किसने वीआईपी कमरा दिया,उसे भी हम नहीं छोड़ेंगे। वहीं इस पर कांग्रेस ने भी चुटकी लेते हुए पूछा है कि बलात्कारी गुंडे पर कब चलेगा बुल्डोजर। कांग्रेस के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर कहा कि मामाजी आज आप रीवा में हैं, उम्मीद करते हैं कि पीड़िता से आप मिलकर उसका दर्द जानेंगे, उसको न्याय दिलाएंगे और आरोपियों के मकानों पर बुल्डोजर चलवाकर ही लौटेंगे। इसी बीच रेप कांड का आरोपी बाबा सीताराम दास उर्फ समर्थ त्रिपाठी को सिंगरौली में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह भेष बदलकर भागने के चक्कर में एक नाई की दुकान में बाल कटवाने गया था तभी मुखबिर की सूचना पर डीएसपी राजीव पाठक व टीआई यूपी सिंह की टीम ने उसे दबोच लिया।

 हिस्ट्रीशीटर मित्र और आरोपी महंत की अपराधिक कुंडली एक जैसी

राजनीतिक पहुंच और राजनेताओं सहित अधिकारियों को आशीर्वाद देने के मामले में चर्चित महंत सीताराम दास और हिस्ट्रीशीटर विनोद पांडे की कुंडली एक जैसी है। रेप का आरोपी सीताराम उर्फ समर्थ त्रिपाठी श्रीराम जन्मभूमि न्यास के पूर्व सदस्य, पूर्व भाजपा सांसद रामविलास वेदांती के भाई का नाती बताया जाता है। सिर्फ 20 साल की उम्र में समर्थ से महंत सीताराम दास बना यह युवक रीवा के गुढ़ में आवारागर्दी करता था। बाइक से एक युवक को कुचलकर मौत के घाट उतारने के बाद वह फरारी काटने रामविलास वेंदाती महाराज के पास चला गया था और वहीं से महंत बन गया। बताया जाता है कि मठ के एक पुजारी की हत्या के मामले में भी महंत सीताराम उर्फ समर्थ त्रिपाठी का नाम आया था, लेकिन राजनीतिक पहुंच के कारण कार्रवाई नहीं हुई। भगवा वस्त्र के अलावा हाईफाई बाबा का रूप धारण करने वाला यह महंत मार्डन संत के रूप में फेसबुक पर भी सक्रिय रहता है और उसके कई राजनेताओं व अधिकारियों के साथ फोटो उसमें पोस्ट किए गए हैं। इसी तरह सर्किट हाउस रेप कांड के मुख्य किरदार हिस्ट्रीशीटर विनोद पांडे की अपराधिक कुंडली चर्चित है। बताया जाता है कि विनोद पांडे हाल ही में जेल से बाहर आया है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली व रेप सहित करीब 36 मामले दर्ज हैं। रीवा में 1 अप्रैल से राम-हनुमान कथा व रुद्राभिषेक का आयोजन होना है जिसके लिए महंत सीताराम दास रीवा आया था और रामकथा के पहले रेप कांड का आरोपी बन गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.