Type Here to Get Search Results !

टेढ़ी नीम क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर रईस चपटा के अवैध कब्जों पर चला बुल्डोजर

करोड़ों की जमीन पर बना मकान जमींदोज, भारी पुलिस फोर्स रही तैनात

जबलपुर। कुख्यात एवं हिस्ट्रीशीटर बदमाश रईस अहमद उर्फ चपटा द्वारा जमीन पर बेजा कब्जा कर कराए गए निर्माण को पुलिस-प्रशासन एवं जेएमसी की संयुक्त टीम ने जमींदोज कर दिया। टेढ़ी नीम के पास 4000 वर्ग फीट में रईस चपटा द्वारा किए गए निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई के बीच झगड़े एवं तनातनी की आशंका को देखते हुए एएसपी गोपाल खांडेल, आईपीएस शशांक, एसडीएम नम: शिवास अरजरिया, सीएमपी अखिलेश गौर, सीएसपी अधारताल प्रियंका करचाम, आरआई सौरव तिवारी, केंट टीआई विजय तिवारी, हनुमानताल टीआई, उमेश गोल्हानी, गोहलपुर थाना प्रभारी अरविंद चौबे, टीआई निरूपा पांडे, टीआई विजय परस्ते, बेलबाग थाना प्रभारी प्रियंका केवट सहित भारी पुलिस फोर्स एवं जेएमसी की अतिक्रमण दस्ते को तैनात किया गया है। रईस चपटा द्वारा पचकुईया हड्डी गोदाम की ढाल पर बना ऑफिस एवं बहोराबाग मार्केट के सामने 2500 वर्गफीट में निर्मित मकान को तोड़ते हुए कब्जा मुक्त किया गया है। तोड़े गए स्थाई और अस्थाई निर्माण में कुछ जमीन रईस चपटा के नाम पर दर्ज होना बताया जा रहा, निर्माण बगैर अनुमति के किया गया था।

 दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जेएमसी व पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

 एसडीएम नम: शिवाय अरजरिया ने बताया कि बदमाश रईस चपटा द्वारा किए गए निर्माण को तोड़ा गया है। कलेक्टर इलैया राजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा और जेएमसी कमिश्नर आशीष वशिष्ठ के निर्देशन में कार्रवाई की गई है। एसडीएस-सीएसपी ने बताया, कि रईस अहमद ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर कुछ जमीन को किराए दे दिया था। यहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिली थी। निर्माण तोड़ने से पहले दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन किसी प्रकार के दस्तावेज न होने के कारण कार्रवाई की गई है। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि कुख्यात अपराधी, भू माफिया, मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन व पुलिस का संयुक्त अभियान जारी रहेगा।

 26 साल से अपराधिक रिकार्ड, हनुमानताल थाने में हैं 15 मामले

रईस उर्फ चपटा पिता वसीर अहमद उम्र 51 वर्ष निवासी पचकुईया ठक्कर ग्राम थाना हनुमानताल के विरुद्ध वर्ष 1996 से 15 अपराध थाना हनुमानताल में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, जुआ, सट्टा एवं मारपीट प्रकरण के पंजीबद्ध है। रईस उर्फ चपटा निगरानी बदमाश रहा है, 2 बार उसका एनएसए भी किया गया था। बताया जाता है, कि रईस उर्फ चपटा गांजा तस्करी में भी शामिल रहा है। वर्तमान में रईस अहमद सफेदपोश भू-माफिया है।

 जंगल मद सहित नजूल की जमीन बेचकर कमाए करोड़ों रुपए

 रईस अहमद ने टेढ़ीनीम, पचकुईया हड्डीगोदाम एवं बहोराबाग मार्केट के समीप नजुल की जमीन पर कब्जा कर कुछ अपने कब्जे में रखते हुए कुछ जमीन को बेच दिया था। रईस अहमद ने वन मद की जमीन पर भी कब्जा कर रखा था। कार्रवाई दौरान मौके पर चर्चा रही, कि रईस ने शासकीय जमीनों का सौदा करते हुए करोड़ों रुपए की दौलत कमाई है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.