कार्य के दौरान हादसों का शिकार हो रहे बिजली कर्मचारियों में आक्रोश
जबलपुर । बिजली कंपनी के अंतर्गत विनोबा भावे विद्युत सब स्टेशन में मेंटेनेंस का काम करने के दौरान शनिवार को 2 ठेका कर्मचारी बिजली के करंट से गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा तीसरा ठेका कर्मचारी शिवराम यादव बीते डेढ़ माह से अधिक समय से अस्पताल में तड़प रहा है और परिवार इलाज के खर्च से परेशान होकर मुख्यमंत्री व उर्जा मंत्री तक गुहार लगा चुका है। काम के दौरान हादसे का शिकार हो रहे बिजली कर्मचारियों में आक्रोश है।
बंद की बजाया चालू लाइन पर काम कराया
सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक 132 केवी विनोवा भावे सब स्टेशन में मेंटेनेंस का काम चल रहा था ,तब बिजली कट की गई थी। पुर्व संभाग के कार्यपालन अभियंता नीरज परस्ते के मुताबिक सप्लाई बंद रखने का परिमट था। मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी की ओर से काम कराया जा रहा था। ट्रांसमिशन कंपनी ने ठेका श्रिमकों से सब स्टेशन के स्ट्रक्चर पर पुताई का कार्य शुरू करवाया। इस दौरान बंद लाइन की बजाए चालू लाइन पर कर्मी काम करते वक्त करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शी ठेका कर्मी हर्ष कश्यप के मुताबिक वह सब स्टेशन पर कुछ दूरी पर काम कर रहा था। तभी जोरदार शार्ट सर्किट हुआ। पोल पर काम कर रहा रांझी झंडा चौक नई बस्ती निवासी 28 वर्षीय प्रकाश पासी करंट की चपेट में आ गया। प्रकाश की सीढ़ी को घमापुर निवासी राजकुमार पंथी ने पकड़ी हुई थी। करंट की चपेट में वह भी आ गया। दोनों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्रकाश पासी की मौत हो गई और राजकुमार पंथी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।