विवि प्रशासन ने जांच के लिए गठित की 6 सदस्यीय समिति
सागर। डॉ हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में एक छात्रा द्वारा हिजाब पहनकर क्लास रूम में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने पर विवाद हो गया। इसके जवाब में हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए विवि परिसर में स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस मामले में संज्ञान लेते हुए विवि प्रशासन ने 6 सदस्यीय समिति गठित कर 3 दिन में रिपोर्ट देने कहा है।
हिंदू संगठन बोले- ऐसा हुआ तो हर क्लास में होगा हनुमान चालीसा
सागर यूयिवर्सिटी में बीएड करने वाली दमोह निवासी छात्र का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें छात्र हिजाब पहनकर क्लास रूम में जुमे की नमाज पढ़ रही है। शनिवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी पहुंचकर विरोध जताया और परिसर में बने मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। विहिप नेता कपिल स्वामी ने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी को बदनाम करने साजिश के तहत नमाज पढ़ी गई, इसे जेएनयू नहीं बनने दिया जाएगा। हिंदू संगठनों का कहना है कि यदि यह प्रथा यहां चली तो हर क्लास में पढ़ाई शुरू होने के पहले हनुमान चालीसा पढ़ा जाएगा। वहीं छात्र के समर्थन में आए कुछ स्टूडेंट का कहना है कि छात्र खाली क्लास रूम में नमाज का समय होने के कारण ऐसा कर रही थी।
जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई : कुलपति
डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसके लिए गठित समिति की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी ताकि सौहाद्र बिगाड़ने वाली ऐसी कोई गतिविधि विश्वविद्यालय में न हो सके। डॉ नीलिमा ने कहा कि स्टूडेंट अपने निजी कार्य अपने घर पर करें, क्योंकि विश्वविद्यालय पढ़ने-लिखने के लिए है। इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
