Type Here to Get Search Results !

भाजपा के स्थापना दिवस पर सेवा कार्यो के साथ पैदल मार्च करेंगे नेता और पदाधिकारी

6 अप्रेल से 14 अप्रेल अंबेडकर जयंती तक स्वास्थ्य शिविर लगेंगे 

भोपाल। प्रदेश भाजपा पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रेल को हर बूथ व मंडल स्तर तक वृहद कार्यक्रम करेगी। प्रदेश पदाधिकारियों के साथ स्थानीय नेता व कार्यकर्ता पैदल मार्च करेंगे और इसके साथ ही राजधानी के जम्बूरी मैदान में 14 अप्रेल को भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विशाल सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। एक हफ्ते तक पूरे प्रदेश में सेवा कार्य किए जाएंगे। यह निर्णय प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया। स्थापना दिवस पर व्यापक कार्यक्रम करने की तैयारी है। इस दिन प्रात: 9 बजे प्रदेश भर के बूथ, मंडल और जिला कार्यालयों में पदाधिकारी, नेता एकत्र होंगे। इसके बाद 20 मिनट पैदल मार्च होगा। फिर सामूहिक वंदे मातरम के बाद प्रात: 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पार्टी ने तय किया है कि 6 अप्रैल से 14 अप्रैल डॉ. अंबेडकर जयंती के बीच जलाशयों की सफाई, स्वच्छता अभियान, वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण, सेवा बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर, बस्तियों में चौपाल एवं सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

 हर जिले में 75 तालाब बनाने का संकल्प

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के हर एक जिले में अगले एक साल में 75-75 नए तालाब बनाने के सरकार के संकल्प में भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोगी बनने का आह्वान किया है। प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में मुख्यमंत्री चौहान के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के अलावा सभी प्रदेश पदाधिकारी, समर्पण निधि की प्रदेश टोली, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रकोष्ठ संयोजक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी आयोजन समिति, बूथ प्रबंधन प्रभारी महामंत्री एवं समर्पण निधि के जिला प्रमुख उपस्थित रहे। बैठक में बूथ विस्तारक योजना और समर्पण निधि अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। इस मौके पर बूथ विस्तारक योजना में हुए काम की सराहना भी वक्ताओं ने की वहीं समर्पण निधि का कार्यक्रम जारी रखने के लिए कहा गया। कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशती समारोह को लेकर समितियों का गठन करने के साथ जिला अध्यक्षों और सचिवों की नियुक्ति कर दी गई है और इस समिति के कार्यक्रमों का आयोजन 15 अप्रेल से होना है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.