शारदा मंदिर रोड पर दो युवकों की हैवानियत, वीडियो वायरल
जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मशार वाली घटना प्रकाश में आई। दो युवकों ने एक कुत्ते को तब तक लाठी से पीटा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। इस कुत्ते को कृपाल चौक निवासी किरण सूरी नामक महिला रोज खाना खिलाने जाती थी, लेकिन रविवार को जब वहां पहुंची तो कुत्ते की मौत हो गई थी, किरण ने जब हमलावर युवकों से ऐसा करने का कारण पूछा तो युवकों ने उसे धमकी दी। इसके बाद एनिमल लवर गढ़ा थाने हैवानियत दिखाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे।
एनिमल लवर एनजीओ ने पुलिस को दिखाया वीडियो
मूक पशु की बेरहमी से हत्या करने का वीडियो लेकर एनिमल लवर एनजीओ अमरजीत कौर व स्नेहा ज्योति सिंह गढ़ा थाने पहुंची और हमलावर युवकों को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होने बताया कि शारदा चौक से तक्षशिला कॉलेज जाने वाले मार्ग पर दो युवकों ने एक मासूम डॉगी को लाठी से पीटकर मार डाला। इस घटना का वीडियो वायरल होने से लोगों में आक्रोश है। अमरजीत कौर ने पुलिस को बताया कि किरण सूरी उनकी परिचित है और वे रोज उस मार्ग पर बेसहारा स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाने जाती हैं। 20 मार्च को जब वे वहां पहुंची तो दो युवक कुत्ते को डंडे से पीट रहे थे, जिसमें उसकी मौत हो गई। किरण को हमलावर युवकों ने चुपचाप वहां से चले जाने की धमकी दी। बताय जाता है कि युवकों की पहचान शक्ति नगर नब्बे क्वार्टर निवासी अजय व मनोज तिवारी के रूप में हुई है। गढ़ा टीआई राकेश तिवारी के मुताबिक आरोपियों को गिरफ्तार करने पुलिस पहुंची थी, लेकिन वे फरार हो गए। सोशल मीडिया में यह वीडियो वायरल होने से पशु प्रेमियों में आक्रोश व्याप्त है।
