अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एसपी ने महिला अधिकारी-कर्मचारियों को दी शाबाशी
जबलपुर। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस यानि महिलाओं के सम्मान का दिन पुलिस महकमे में खास रहा। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने इसे खास बनाने महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ट्रैफिक की कमान सौंपी जिसमें नारी शक्ति की परफार्मेस देख राहगीर भी ठहर गए और उन्हें सम्मान दिया। महिला दिवस पर यातायात व्यवस्था का सुचारू रूप से संचालन एवं निर्धारित ट्रैफिक नियमों का संकल्प के साथ पालन करने के लिए आमजन को जागरूक और प्रेरित करने ‘महिला पुलिस’ अधिकारी-कर्मचारियों ने समूचे जिले की कमान संभाली। शहर से लेकर देहात तक के चिन्हित चौराहे, तिराहे और प्रमुख मार्ग में महिला आरक्षक से लेकर उप पुलिस अधीक्षक ने बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। चौराहों में तैनात महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा संभाली गई यातायात व्यवस्था की कमान का असर शहर से देहात तक देखा गया। महिला पुलिस बल लोगों को मौके पर यातायात नियमों की आवश्यक जानकारी देते हुए उन्हें पालन करने का संकल्प दिलाया।
प्रियंका, भावना, अपूर्वा, अंकिता ने किया नेतृत्व
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर आईपीएस प्रियंका शुक्ला सीएसपी बरगी, भावना मरावी सीएसपी केंट, अपूर्वा किलेदार डीएसपी ग्रामीण, प्रियंका किरचाम सीएसपी अधारताल एवं डीएसपी अंकिता खातेकर के नेतृत्व में 38 थाना क्षेत्र के चौराहे-तिराहे एवं प्रमुख मार्ग में महिला पुलिस बल एक्टिव रहा। वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी के पंपलेट भी बांटे गए। पहली बार शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्र पर भी फोकस किया गया है।
नियमों को बताया, महत्व समझाया
एएसपी ट्रैफिक संजय अग्रवाल ने बताया, कि अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने सहित ट्रैफिक व्यवस्था की कमान संभाली है। जिले के सभी थानों का महिला स्टाफ एवं पुलिस लाइन का अतिरिक्त महिला बल चौक-चौराहों में तैनात रहा है। वाहन चालक सहित अन्य आमजन को हैलमेट, सिग्नल, सीटबेल्ट, जेबरा क्रासिंग, यातायात संकेत की समझाइश, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करने सहित अन्य जानकारियों से अवगत कराया है। प्रमुख चौराहों में टीआई ग्वारीघाट भूमेश्वरी चौहान, टीआई संजीवनी नगर शोभना मिश्र, टीआई खमरिया निरूपा पांडे, टीआई माढ़ोताल रीना पांडे, टीआई विजय नगर शोमा मलिक, टीआई शहपुरा प्रियंका केवट, टीआई खितौला जगोतिन मसराम, सूबेदार रोशनी केशरवानी, एसआई मंजूषा धुर्वे, एसआई वर्षा सलामे, एसआई रुकमणि राजपूत, एसआई आसमां परवीन, एसआई ऊषा विश्वकर्मा, एसआई हेमलता थापा, नीलम शर्मा, सीता राजरानी सहित 200 से अधिक का महिला स्टाफ तैनात रहा।