Type Here to Get Search Results !

नशा-भूमाफिया से मुक्त कराई सरकारी जमीन, पुलिस फोर्स के साथ पहुंचा बुल्डोजर

अधारताल-हनुमानताल में बड़ी कार्रवाई, दोनों कुख्यात अपराधी 

जबलपुर। कुख्यात अपराधी, भू-माफिया एवं नशा तस्करों पर प्रभावी रूप से कार्रवाई करने के लिए कलेक्टर इलैयाराजा टी एवं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर एंटी माफिया सेल ने ड्रग माफिया शेखर सोनकर को रडार पर लेते हुए उसके बेजा कब्जा वाले ठिकानों को नेस्तनाबूत कर दिया। थाना हनुमानताल सिद्ध बाबा रोड सिंधी कैंप क्षेत्र में जानकीदास मंदिर के 80 लाख रुपए कीमत की शासकीय नजूल भूमि में कब्जा कर निर्माण करने वाले माफिया शेखर सोनकर एवं अधारताल थाना क्षेत्र संजय नगर में अपराधी जितेंद्र यादव उर्फ गोलू द्वारा अवैध बाउंड्रीवॉल निर्माण को तोड़ा गया। कलेक्टर इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस व नगर निगम की संयुक्त टीमों ने चिन्हित भू-माफिया के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस ने बताया कि सिंधी कैंप सिद्धबाबा रोड भानतलैया गोहलपुर निवासी शेखर सोनकर शराब व अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त रहा है। शेखर के विरु द्ध पुलिस थानों में अलग-अलग 30 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। अधारताल पुलिस ने बताया कि जितेंद्र उर्फ गोलू पर 12 अपराध दर्ज किए जा चुके हैं। कार्रवाई दौरान विवाद की स्थिति निर्मित होने के अंदेशा पर मौके पर सीएसपी आरडी भारद्वाज, सीएसपी आलोक शर्मा,तहसीलदार राजेश सिंह, टीआई शैलेष मिश्र, टीआई अरविंद चौबे, टीआई उमेश गोल्हानी, बेलबाग थाना टू आईसी केसरी नंदन राय, चौकी प्रभारी प्रभाकर सिंह सहित भारी पुलिस बल एवं भवन शाखा से मनीष तड़से मौके पर मौजूद रहे। 

 15 माह पहले भी हुई थी माफिया शेखर पर कार्रवाई

30 दिसम्बर 2020 को सिंधी कैम्प भानतलैया स्थित ग्राम गोहलपुर तहसील आधारताल अंतर्गत भूमि खसरा नंबर 353 एवं 354 रकबा 0.747 हैक्टेयर पर शराब एवं नशा माफिया शेखर सोनकर का बिना अनुमति के अनाधिकृत रूप से निर्मित मकान, गोदाम एवं दुकान को पूर्व में भी तोड़ा गया था। कार्रवाई के दौरान टीम ने शेखर सोनकर के बाबा टोला क्षेत्र में बने 2 मकान का रिकार्ड चैक करते हुए एक मकान की स्वीकृति न होने पर उसे भी गिरा दिया गया था। 

गांजा तस्करी से शेखर ने शुरू किया था अवैध कारोबार

 पुलिस रिकार्ड में अपराधी शेखर सोनकर पर हत्या का प्रयास, मारपीट, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, बमबाजी सहित अन्य मामले शहर के कई थानों में दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शेखर सोनकर ने गांजा की सप्लाई से अपना अवैध कारोबार शुरू किया था। गांजा सप्लाई करते-करते वह शराब के अवैध कारोबार में आ गया था। शेखर सोनकर ने एक लायसेंसी देशी शराब दुकान चलाते हुए अवैध रूप से अहाता भी शुरू किया था। जितेंद्र उर्फ गोलू यादव पर मारपीट सहित अन्य प्रकरण अधारताल थाना में दर्ज हैं। जितेंद्र यादव द्वारा किए गए निर्माण को तोड़ने पहुंची टीम ने मौके पर दस्तावेजों का परीक्षण के दौरान फिलहाल कार्रवाई रोक दी है। जमीन और उस पर हुए निर्माण को लेकर तहसीलदार सहित जेएमसी के अधिकारी दस्तावेजों का पुन: अवलोकन कर रहे हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.