डीजीपी के निर्देश पर आईजी व एसपी हुए जनता से रूबरू
जबलपुर। राज्य के डीजीपी सुधीर सक्सेना के निर्देश पर जबलपुर रेंज में आईजी उमेश जोगा के मार्गदर्शन में सभी एसपी ने जनता की समस्याएं सुनी एवं उनका निराकरण किया। जबलपुर में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने वृहद शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया, जिसमें तमाम अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में शिकायत लेकर आए आमजन को उस समय राहत मिली जब पुलिस अफसरों के दरबार में प्रस्तुत शिकायत का मौके पर निराकरण किया गया। एसपी ने अधिकारियों से कहा कि जनता जनार्दन के बीच पुलिस की छवि अच्छी बनाने और नागरिकों के प्रति कर्तव्यपरायणता का शिविर बेहतर मार्ग है। एक ही दिन में 258 शिकायतों का संतुष्टिप्रद निराकरण कर लोगों को राहत दी गई।
डीआईजी परिहार ने कराया समस्याओं का निराकरण
शिकायत निवारण शिविर में एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के साथ एएसपी (शहर/शहर दक्षिण/अपराध) गोपाल प्रसाद खाण्डेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (उत्तर/यातायात) संजय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शिवेश सिंह बघेल तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा तुषार सिंह द्वारा शिकायतकर्ताओं की 179 शिकायतों को सुना गया। मौके पर 75 शिकायतों का संतुष्टीपूर्वक निराकरण किया गया। 104 शिकायतों में जांच आवश्यक होने से एसपी द्वारा पुलिस कार्यालय में उपस्थित सम्बंधित राजिपत्रत अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को जांच कर त्वरित निराकरण के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए। शिकायत निवारण शिविर के दौरान डीआईजी आर.आर. सिंह परिहार भी पुलिस कार्यालय पहुंचे और जनता की समस्याओं का निराकरण कराया।
जोन के सभी एसपी ने सुनी जनता की समस्याएं
छिन्दवाडा में पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल,अति.पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली एवं शहर के थानों के थाना प्रभारी तथा शिकायत जांचकर्ता शिविर में उपस्थित रहे। शिविर में 73 शिकायत आवेदन मिले जिनमें जांच आवश्यक होने से 15 शिकायत आवेदन पत्रों को संबंधित थानों को भेजा गया, इसके साथ ही 58 प्रकरणों में आवेदकों की समस्या का मौके पर ही निराकरण कर, संतुष्ट किया गया। जिला नरिसंहपुर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विपुल श्रीवास्तव एवं अति. पुलिस अधीक्षक द्वारा शिकायत आवेदकों की सुनवाई की गई। कटनी में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन अति. पुलिस अधीक्षक एवं जिले के नगर पुलिस अधीक्षक, अनु.अधि.(पुलिस) शिविर में उपस्थित रहे। सिवनी में पुलिस अधीक्षक सिवनी, कुमार प्रतीक एवं अनु.अधि(पुलिस) लखनादौन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत आवेदकों को सुना गया। शिविर में 36 शिकायत आवेदन प्राप्त हुये जिनका निराकरण किया गया।