बिल्डर, नेता, कॉलेज प्राचार्य व कोरियर कंपनी संचालक की पत्नियों का बनाया शिकार, ईओडब्ल्यू ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
जबलपुर। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने एक ऐसी क्रिश्चियन दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है,जो गरीब बच्चों के लिए स्कूल खोलने और विदेश से बड़ा फंड आने पर करोड़ों का फायदा देने का झांसा दे रहे थे। बताया जाता है कि किटी पार्टी में रसूखदार और मालदार लोगों की पत्नियों के साथ मेलजोल बढ़ाकर यह खेल करने वाली वैपुरी माधवी व उसके पति मास्टर जय सिडनी ने अब तक 22 करोड़ रुपए की ठगी की है जिसमें एक कॉलेज प्राचार्य की पत्नी, बिल्डर की पत्नी, राजनीतिक दल के नेता की पत्नी और कोरियर कंपनी के संचालक की पत्नी सहित कुछ अन्य बड़े घरानों की महिलाओं को शिकार बनाया गया है।
तिलहरी में संचालित एनजीओ के नाम पर दिया झांसा
ईओडब्ल्यू एसपी देवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत ने बताया कि पीड़ित महिलाओं की शिकायत के बाद भोपाल मुख्यालय से मिली अनुमति पर इंस्पेक्टर स्वर्णजीत सिंह धामी ने जांच शुरू की। इस मामले में केलबरी लूथरन चर्च तिलहरी मंडला रोड निवासी वैपुरी माधवी व उसके पति मास्टर जय सिडनी द्वारा गरीब बच्चों के लिए स्कूल खोलने के नाम पर तीन बड़े घरानों की महिलाओं से 2 करोड़ 60 लाख रुपए लगवाने की जानकारी मिली। इसमें क्रिश्चियन दंपती ने झांसा दिया कि उनके एनजीओ को विदेशी फंड मिलने वाला है तो वे ये रकम दोगुनी कर लौटा देंगे। ये दंपती तिलहरी में क्रिश्चियन ऑर्गेनाइजेशन फॉर सोशल सर्विस के नाम से एनजीओ संचालित करती है, जिसमें वैपुरी माधवी ने रसूखदार व रईस घरानों की महिलाओं को पैसा लगाने का झांसा दिया। दरअसल, वैपुरी माधवी रईस घरानों की महिलाओं की किटी पार्टी से जुड़कर दोस्ती बनाने के बाद करोड़ों कमाने का सब्जबाग दिखा रही थी।
6 साल में फैलाया जाल, लाखों की जमीन भी खरीदी
बताया जाता है कि आरोपी दंपती ने 2014 से 2020 के बीच ठगी का जाल फैलाया और इसमें कई बड़े घरों की महिलाओं से रकम ऐंठी। इस बीच कुछ महिलाओं ने धोखाधड़ी होने का अंदेशा जताया तो दंपती ने ऊंची राजनीतिक पहुंच होने का दावा कर उल्टा फसाने की धमकी भी दी। ठगी का शिकार एक कोरियर कंपनी की पत्नी से बड़ी रकम हासिल कर उसे चूना लगाया फिर इस दंपती ने लाखों रुपए से गौर तिराहे के समीप एकता मार्केट के पीछे सिडनी इंटरनेशनल स्कूल खोला और उसमें पैसा लगाने के नाम पर एक नेता की पत्नी, कॉलेज प्राचार्य की पत्नी व बिल्डर की पत्नी से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की। ऐसा अनुमान है कि इस जालसाज दंपती ने अब तक बड़े घरों की महिलाओं से करीब 22 करोड़ रुपए हड़पे हैं। ईओडब्ल्यू एसपी का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद कार्रवाई चल रही है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
