गृह मंत्री ने दिए आरक्षक भर्ती परीक्षा की जांच के आदेश
भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग-3 (एमपीटीईटी) निरस्त होने और पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर मचे बवाल के बारे में राज्य सरकार के मंत्रियों ने स्थिति स्पष्ट की है। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा है कि एमपीटीईटी परीक्षा निरस्त करने संबंधी खबरें भ्रामक हैं और यह झूठी अफवाह फैलाई जा रही है। वहीं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र ने पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कराने आदेश दिए हैं। उन्होने बताया कि इसकी जांच की जिम्मेदारी एमएपीआईटी को दी गई है।
पुलिस भर्ती परीक्षा की जांच एमएपीआईटी से कराएंगे
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा है कि प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग-3 की परीक्षा नियम अनुसार और समय पर आयोजित की गई, इसलिए इसके निरस्त होने की अफवाह पर ध्यान न दें। मंत्री परमार ने सभी अभ्यर्थियों को सफल होने की शुभकामनाएं दी हैं। उधर, पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर आईं खबरों के बाद गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र ने बताया कि इसकी जांच मध्यप्रदेश एजेंसी फॉर प्रमोशन ऑफ इंफोर्मेशन टेक्नॉलोजी (एमएपीआईटी) के जरिए कराई जाएगी। आरक्षक भर्ती में सामने आई गडबडी को लेकर कैंडिडेट्स ने गृहमंत्री से मुलाकात की थी। कैंडिडेट्स ने भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। इसके बाद गृहमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र ने कहा कि रजिल्ट सिर्फ एक बार ही आया है और वो बहुत ही स्पष्ट है। यदि किसी ने कूट रचना की है या वह कूटरचित है तो हमें आकर बताएं। इस विषय में पीईबी (व्यापमं) के बड़े अधिकारी से बात भी की है। इसके बाद जांच के आदेश दिए गए हैं।
